21 साल के भारतीय खिलाड़ी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में रचा इतिहास
August 30, 2025
झारखंड के 21 साल के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज मनीषी ने दलीप ट्रॉफी 2025 में जारी नॉर्थ जोन और ईस्ट जोन के बीच मुकाबले में अपनी गेंदबाजी का ऐसा कमाल दिखाया कि वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी करने में कामयाब हो गए। मनीषी जो ईस्ट जोन टीम की तरफ से खेल रहे हैं उन्होंने नॉर्थ जोन के खिलाफ मुकाबले में पहली पारी में कुल 6 विकेट हासिल किए जिसमें उन्होंने सभी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। मनीषी ने पहली पारी के दौरान कुल 22.2 ओवर्स की गेंदबाजी की जिसमें उन्होंने 111 रन देने के साथ कुल 6 विकेट हासिल किए।
मनीषी ने साल 2022 में अपना पहला फर्स्ट क्लास मुकाबला खेला था जिसके बाद से अब तक 9 मैच खेलने में कामयाब हो सके हैं। मनीषी ने सिर्फ 20 साल की उम्र में डेब्यू किया था लेकिन उसके बाद उन्हें अपना अगला फर्स्ट क्लास मैच खेलने के लिए 2 साल का इंतजार करना पड़ा। मनीषी ने नॉर्थ जोन के खिलाफ क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अंकित कुमार, शुभम खजुरिया, यश ढुल, आकिब नबी, हर्षित राणा और कन्हैया वधावन को अपना शिकार बनाया। इसी के साथ मनीषी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भारत के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जो एक पारी में 6 खिलाड़ियों को एलबीडब्ल्यू आउट करने में कामयाब हुए हैं।
वर्ल्ड क्रिकेट में फर्स्ट क्लास फॉर्मेट के किसी एक मुकाबले की पारी में 6 बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट करने के मामले में मनीषी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड की भी बराबरी की है, जिसमें वह अब ये कारनामा करने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं। मनीषी से पहले इंग्लैंड के मार्क इलियट, श्रीलंका के चमिंडा वास, पाकिस्तान के ताबिश खान, इंग्लैंड के ओली रॉबिंसन और क्रिस राइट ये कारनामा कर चुके हैं। मनीषी ने अब तक फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कुल 25 विकेट हासिल किए हैं, जिसमें वह एक बार पारी में 5 विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं।
