जामो: महिला सहायता चौकी का डीएम एसपी ने किया उद्घाटन
July 02, 2025
जामो/अमेठी। जनपद अमेठी के थाना जामो पर जनपद अमेठी की पहली थाना चैकी प्रारंभ की गई है। मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत महिलाओं/बालिकाओं को सशक्त करने एवं उनकी समस्याओं/शिकायतों के निस्तारण तथा उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आज शासन के निर्देश पर जनपद अमेठी के थाना जामों में जनपद की पहली महिला सहायता चैकी की स्थापना की गई। जिसका उद्घाटन आज जिलाधिकारी संजय चैहान व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि महिला सहायता चैकी की स्थापना से अब एक ही छत के नीचे महिलाओं/बालिकाओं की शिकायतों के निस्तारण के साथ ही उन्हें शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी मिल सकेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने कहा कि गत दिनों जनपद में डीजीपी महोदय के भ्रमण के दौरान उनके द्वारा निर्देश दिए गए कि जनपद में एक ऐसी जगह बनाई जाए जहां पर महिलाएं अपनी बात खुलकर कह सके उसी के क्रम में थाना जामों में जनपद की पहली महिला सहायता चैकी की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी घर परिवार व समाज में महिलाओं में आपस में मनमुटाव हो जाता है इन छोटे-छोटे विवादों का निस्तारण इस महिला सहायता चैकी के माध्यम से किया जाएगा। इस महिला सहायता चैकी के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही उन्हें सोशल मीडिया से अपने आप को कैसे सुरक्षित रखें उसके बारे में भी जानकारी दी जाएगी।