लखनऊ: स्वच्छता में लखनऊ की ऐतिहासिक उपलब्धि पर जोन 5 में महापौर का भव्य स्वागत
July 24, 2025
लखनऊ। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में लखनऊ शहर को देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त होने की गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जोन 5 में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस आयोजन में महापौर सुषमा खर्कवाल का जोन 5 कार्यालय में सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। आयोजन स्थल पर नगर निगम कर्मियों, पार्षदों, अधिकारियों और सफाई मित्रों में अत्यंत उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।इस अवसर पर जोन 5 के पार्षदों, अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारीगण एवं सफाई मित्रों की उपस्थिति में इस ऐतिहासिक सफलता का उत्सव मनाया गया। समारोह के दौरान क्षेत्रीय पार्षदों और कर्मचारियों ने नगर की स्वच्छता में दिए गए अपने योगदान को साझा करते हुए महापौर जी को इस सफलता के लिए धन्यवाद दिया।इस कार्यक्रम में पार्षद पीयूष दीवान , राम नरेश रावत , नरेंद्र शर्मा , गीता देवी , पूर्व पार्षद गिरीश मिश्रा , श्रवण नायक , पार्षद प्रतिनिधि आदर्श मिश्रा , सुधीर मिश्रा श्बबलूश् , अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त , तथा जोनल अधिकारी (जोन 5) नंदकिशोर जी समेत बड़ी संख्या में नगर निगम अधिकारी, कर्मचारी एवं सफाई मित्र उपस्थित रहे।अपने संबोधन में महापौर ने कहा कि लखनऊ को स्वच्छता में देश में तीसरा स्थान मिलना हम सभी लखनऊवासियों के लिए गर्व की बात है। यह सफलता जनभागीदारी, सफाई मित्रों के अथक परिश्रम, नगर निगम के कर्मठ अधिकारियों और पार्षदों की सक्रिय भूमिका का परिणाम है। उन्होंने सभी को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और इसी तरह स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर प्रयास करते रहने की अपील की।कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा लखनऊ की स्वच्छता यात्रा को और सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। यह आयोजन लखनऊ को “स्वच्छ और सुंदर शहर” बनाने की दिशा में एक और प्रेरणादायक कदम सिद्ध हुआ।