शुकुलबाजार: कस्बा से लेकर गांव तक! 24 घंटे से बिजली गुल, उपभोक्ता परेशान
July 17, 2025
शुकुलबाजार/अमेठी। स्थानीय पावर हाउस के हुसेनपुर फीडर से जुड़े दो दर्जन से अधिक गांवों में बुधवार की शाम से ही विद्युत कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप कि शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग के अधिकारी न तो फोन उठा रहे और ना ही खराबी को दूर करने का प्रयास ही किया जा रहा है। विद्युत कटौती के कारण खेती किसानी के साथ लोगों की दिनचर्या पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।बारिश के दौरान बुधवार की शाम हुसैनपुर फीडर से जुड़ा कस्बा शुकुल बाजार सहित लगभग दो दर्जन से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों को सूचना दी लेकिन विडंबना कि बृहस्पतिवार की शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। उपभोक्ताओं ने कहा कि विभागीय अधिकारी यह बताने को तैयार ही नहीं कि बिजली कब आएगी। आपूर्ति बाधित होने से धान की रोपाई में परेशानी तो हो ही रही घरेलू कामकाज पर भी असर पड़ रहा है। ग्रामीणों के साथ भारतीय किसान यूनियन के नेता देवी दयाल शर्मा ,शेषनाथ तिवारी, राम प्रसाद ,आदि ने कहा कि विभागीय अधिकारियों को कई बार फोन किया गया लेकिन समस्या का समाधान तो दूर अधिकारी फोन ही नहीं उठा रहे हैं। कहा कि आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे। इस संबंध में एस डी ओ राजेश चैहान ने बताया कि मशीन में फाल्ट आने के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित थी फाल्ट ठीक होने के बाद शाम तक विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी।
.jpg)