उन्नाव: बाइक पर खतरनाक स्टंट करने का वीडियो वायरल
June 24, 2025
उन्नाव। जिले के लखनऊ-कानपुर हाईवे पर दो युवकों ने दोपहर बाइक पर खतरनाक स्टंट किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। नवाबगंज कस्बे के पास अजगैन थाना क्षेत्र में हाईवे पर यह घटना हुई।
24 सेकंड के वीडियो में दिख रहा है कि दोनों युवक बिना हेलमेट तेज रफ्तार बाइक पर हैं। वे हैंडल छोड़कर पैरों से संतुलन बनाकर स्टंट कर रहे हैं। यह स्टंटबाजी न केवल उनके लिए, बल्कि हाईवे पर चल रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी खतरा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवकों के ग्रुप अक्सर हाईवे पर स्टंट करते देखे जाते हैं। वे सोशल मीडिया पर वीडियो डालने के लिए अपनी जान को भी दांव पर लगा देते हैं।
अजगैन थाना प्रभारी सुरेश सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान ले लिया गया है। बाइक और स्टंट करने वाले युवकों की पहचान की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी युवकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।