लखनऊ: नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, कई क्षेत्रों में अवैध निर्माण हटाए गए
June 16, 2025
लखनऊ । महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश पर नगर आयुक्त महोदय के आदेशानुसार, नगर निगम लखनऊ द्वारा विभिन्न जोनों में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई में जोनल अधिकारियों ने पुलिस बल और नगर निगम की प्रवर्तन टीम के साथ मिलकर अवैध कब्जों को हटाया और संबंधित व्यक्तियों को भविष्य में पुनः अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी।आज जोन-3 के जोनल अधिकारी अमरजीत यादव के नेतृत्व में अवर अभियंता विनोद पाठक, प्रवर्तन दल 296 व थाना अलीगंज पुलिस बल की मौजूदगी में हजारी लाल मा० स्कूल से एस.बी.आई. कॉलोनी के पीछे तक नाले पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस अभियान के दौरान 20 झुग्गियों और 15 पक्के टीनशेड निर्माण को ध्वस्त किया गया।जोन-5 के जोनल अधिकारी नन्दकिशोर के नेतृत्व में कर अधीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक अनुज कुमार व राजू कुमार, प्रवर्तन दल (296) एवं पुलिस बल के सहयोग से नादरगंज और अमौसी औद्योगिक क्षेत्र में अभियान चलाया गया। इसमें ठेले, खुमचे, गुमटी, काउंटर जैसे अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही नादरगंज, कानपुर मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से लगी आम की मंडी भी हटाई गई। इस दौरान कुल 05 काउंटर, 02 गुमटी, 10 ठेले हटाए गए और चन्दर नगर मार्केट क्षेत्र का दोबारा निरीक्षण कर अतिक्रमण हटवाया गया।
जोन-6 के वार्ड दौलतगंज में जोनल अधिकारी मनोज यादव के नेतृत्व में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। मेहताब बाग बिजली घर के पास निरीक्षण कर बुलाकी अड्डे चैराहे से एलडीए कॉलोनी तक फैलाए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इस दौरान 20 ठेले, 6 गुमटी, 15 अस्थायी दुकानें हटवाई गईं। साथ ही अतिक्रमणकर्ताओं को चेतावनी दी गई और क्षेत्रीय थानाध्यक्ष को पत्र प्रेषित कर भविष्य में ऐसे अतिक्रमण न हों, इसके लिए अनुरोध किया गया।नगर निगम द्वारा चलाया गया यह अभियान जनता को स्वच्छ, सुरक्षित और निर्बाध सार्वजनिक मार्ग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नगर की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने हेतु इसी तरह के अभियान आगे भी चलाए जाएंगे।