लखनऊः एमएसएमई एवं एग्री कार्निवाल का हुआ आयोजन
June 24, 2025
लखनऊ। यूको बैंक लखनऊ अंचल द्वारा होटल दयाल गेट वे , गोमती नगर में सूक्ष्म, लद्यु एवं मध्यम उद्योगों तथा कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए एमएसएमई एवं एग्री कार्निवाल का आयोजन किया गया। इस कार्निवाल में यूको बैंक के प्रधान कार्यालय से पधारे उप महाप्रबंधक श्री भोर नीलेश विजय जी मुख्य अतिथि थे।
एम०एस०एम०ई० एवं एग्री कार्निवाल में यूको बैंक लखनऊ अंचल के अंचल प्रमुख श्री आशुतोष सिंह, एम०एस०एम०ई० एवं एग्री हब लखनऊ के सहायक महाप्रबंधक श्री पूर्बोशीष चक्रोवोर्ती, रीटेल ऋण हब लखनऊ के सहायक महाप्रबंधक श्री नीमेषदीप, मुख्य प्रबंधक श्री संतोष कुमार सिन्हा एवं शाखा प्रमुख व गणमान्य ग्राहक बंधु उपस्थित थे।
यूको बैंक द्वारा संपूर्ण भारत में 21.04.2025 से एम०एस०एम०ई० एवं एग्री कार्निवाल मनाया जा रहा है। आज आयोजित कार्निवाल जून 2025 तिमाही का अंतिम कार्निवाल था। 21.04.2025 से अभी तक यूको बैंक लखनऊ अंचल में कृषि क्षेत्र में कुल 27 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए तथा एमएसएमई क्षेत्र में 54 करोड़ के ऋण स्वीकृत किए गए। ।
इस कार्निवाल का उद्देश्य उद्यम से समृद्घि, कृषि से उन्नति के लक्ष्य को प्राप्त करना था। कार्निवाल में यूको बैंक द्वारा सूक्ष्म, लद्यु एवं मध्यम क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई । यूको बैंक लखनऊ अंचल के एम०एस०एम०ई० के सहायक महाप्रबंधक श्री पूर्बोशीष चक्रोवोर्ती ने स्वागत संबोधन दिया एवं उद्योगों एवं कृषि को बढ़ावा देने के लिए बैंक की विभिन्न योजनाओं के बारे में ग्राहक बंधुओं को विस्तृत जानकारी दी ।
यूको बैंक के प्रधान कार्यालय के मिड कारपोरेट विभाग से पधारे उप महाप्रबंधक श्री भोर नीलेश विजय ने ग्राहकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का उत्तर दिया। लखनऊ अंचल के अंचल प्रमुख श्री आशुतोष सिंह ने आभार ज्ञापित करते हुए कहा कि हमारा बैंक हमेशा से ही अपने ग्राहकों की सभी प्रकार की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए विभिन्न प्रकार की योजनाएं लॉंच करता रहता है। हमें खुशी है कि हम सफलता से अपने एम०एस०एम०ई एवं कृषि क्षेत्र के ग्राहकों को भी ऋण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवा कर राष्ट्र की प्रगति में भागीदारी करने के अवसर का लाभ उठा रहे हैं।
