Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर की पिटाई, युवक ने की थप्पड़ों की बरसात


यूपी के जौनपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर की एक युवक ने पिटाई कर दी है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि आरोपी युवक पहले महेंद्र राजभर को माला पहनाता है और फिर उनके ऊपर थप्पड़ों की बरसात कर देता है। इस घटना पर यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव का बयान भी सामने आया है।

जौनपुर में आज सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर को एक युवक ने भरी सभा में पीट दिया। युवक ने पहले उन्हें माला पहनाई और फिर उनके ऊपर थप्पड़ों की बरसात कर दी। मामला जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र के नहोरा आशापुर गांव में एक स्वागत समारोह के दौरान सामने आया।

दरअसल यहां महेंद्र राजभर को माला पहनाकर स्वागत करने का सिलसिला चल रहा था। इसी दौरान पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बृजेश राजभर ने पहले उनको माला पहनाई और फिर उन पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, 'वयोवृद्ध और वरिष्ठ नेता महेंद्र राजभर पर हुआ हिंसक हमला भाजपा के राज में ‘पीडीए समाज’ पर लगातार बढ़ते जा रहे अपमानजनक व्यवहार और अत्याचार का एक और निंदनीय उदाहरण है। भाजपा अगर सोचती है कि वो किसी समाज को अंदर से तोड़कर अपनी विभाजनकारी राजनीति को बनाए रखेगी तो ये उसकी गलतफहमी है। अगर इस हमले में भाजपा की नजरअंदाजी शामिल नहीं है तो इस हमलावर को तत्काल गिरफ्तार करके, उसके किए की सजा दी जाए।'

अखिलेश ने कहा, 'हिंसा हताशा का ही एक रूप होता है। भाजपा याद रखे ऐसे कृत्यों से पीडीए का मनोबल टूटेगा नहीं बल्कि और भी शक्तिशाली होगा। जय संविधान, जय पीडीए!'

इस संबंध में कार्यक्रम आयोजक संतोष राजभर से जब पूछा गया तो उन्होंने कार्यक्रम का ब्यौरा देते हुए पूरे घटनाक्रम को बताया। उन्होंने बताया कि आज महाराजा सुहेलदेव की जयंती के अवसर पर यहां सुहेलदेव जी मूर्ति स्थापना के लिए भूमि पूजन का कार्यक्रम रखा गया था। जिसमें सुहेलदेव स्वाभिमान पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र राजभर, क्षत्रिय महासभा के अध्यक्ष पंकज राजभर सहित अनेक सम्मानित समाजसेवी लोगों को बुलाया गया था। लेकिन जो बृजेश राजभर ने किया है, वह गलत किया है। उनका सामाजिक बहिष्कार किया जाना चाहिए।

वहीं पूर्वांचल महापंचायत पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मिंटू राजभर ने महेंद्र राजभर के लिए सुरक्षा मुहैया कराए जाने की मांग की। मिंटू राजभर ने कहा कि कभी हमारे ऊपर भी हमला हो सकता है। उन्होंने अफसोस जाहिर करते हुए इस घटना को निंदनीय बताया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |