प्रतापगढः रिश्वत लेते लेखपाल को एन्टी करप्शन ने किया गिरफ्तार
June 17, 2025
प्रतापगढ़/फतेहपुर। भ्रष्ट एवं घूसखोर राजस्व कर्मियों के खिलाफ एन्टी करप्शन प्रयागराज की यूनिट लगातार कार्यवाही कर रही है। शिकायत मिलने के बाद एन्टी करप्शन की टीम जाल बिछाकर लगातार उनको गिरफ्तार करके सलाखों की पीछे भेज रही है। फतेहपुर जनपद में भी टीम ने एक लेखपाल को रंगे हांथ घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है।
फतेहपुर जनपद के बिंदकी तहसील एवं थाना क्षेत्र के घोरहा गांव के रहने वाले चक्रदत्त तिवारी ने एन्टी करप्शन की टीम से शिकायत किया था उन्होंने अपनी भूमि बंटवारा के लिए उपजिलाधिकारी न्यायिक बिंदकी के यहां मुकदमा किया है। न्यायालय द्वारा आदेश देने के बाद क्षेत्रीय लेखपाल सीताराम पुत्र स्व.अशोक कुमार निवासी निवासी ग्राम अहमदगंज, कोतवाली फतेहपुर द्वारा हिस्सा फाट एवं नक्शा नजरी बनाने के एवज में 5 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एन्टी करप्शन की टीम ने जाल बिछाकर मंगलवार को दोपहर में करीब सवा 12 बजे लेखपाल सीताराम को तहसील परिसर में स्थित कानूनगो कक्ष से 5 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हांथ गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत अभियोग पंजीकृत करा दिया। एन्टी करप्शन टीम में ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक अंजली यादव, निरीक्षक अलाउद्दीन अंसारी, निरीक्षक राकेश बहादुर सिंह, एसआई अर्जुन सिंह, मुख्य आरक्षी सुभाष चन्द्र द्विवेदी एवं शशिकांत शर्मा एवं अन्य टीम के सदस्य मौजूद रहे। टीम द्वारा लगातार राजस्व कर्मियों को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार करने से विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।