लखनऊः: वर्चस्व को लेकर फायरिंग, दबदबा बनाने के लिए बदमाशों ने चलाई गोली, जान बचाकर भागे लोग
June 30, 2025
लखनऊ। लखनऊ कमिश्नरेट के चिनहट इलाके में दो पक्षों में वर्चस्व को लेकर विवाद हो गया, इस दौरान कई राउंड हवाई फायरिंग की गई। बता दें कि जिसकी वजह से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है। वहीं मल्हौर पुरवा गांव में रविवार रात करीब 9.30 बजे स्कूटी सवार और बिना नंबर की काले रंग की स्कार्पियो सवार लड़के एक दूसरे पर फायरिंग कर रहे थे। जिसकी सूचना इलाके के लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ लड़के बहसबाजी के बाद फायरिंग करने लगे। वहीं भीड़ जुटने पर स्कूटी सवार लड़के स्कूटी छोड़कर फरार हो गए। जांच के दौरान पुलिस को एक खोखा और एक जिन्दा कारतूस मिला। मौके पर स्कूटी मिली। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू की। जांच में स्कूटी सवार लड़कों की पहचान मानस मिश्रा, अनुराग और युवराज सिंह के रूप में हुई। जबकि स्कार्पियो सवार की पहचान शेखर कौशल और अमितेश यादव के रूप में हुई। वहीं सभी आपराधिक किस्म के व्यक्ति है, जो आपसी रंजिश को लेकर आपस में भिड़ गए। दहशत फैलाने के लिए इलाके में अवैध हथियार से जमकर फायरिंग की। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की बात सामने नहीं आई है। वहीं इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चन्द्र मिश्रा ने बताया कि स्कार्पियो सवार शेखर और अमितेश यादव को गिरफ्तार किया गया है। घटना में इस्तेमाल स्कार्पियो बरामद की है, फरार आरोपी मानस मिश्रा, युवराज और अनुराग की तलाश में दबिश दी जा रही है। मानस मिश्रा चिनहट में गोली बारी की घटना में वांछित है, अन्य लोगों पर भी गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।