लखनऊः दर्दनाक हादसो में दो दोस्तों की मौत , सड़क हादसे में दोस्त की मौत से आहत युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
June 25, 2025
लखनऊ। लखनऊ के मलिहाबाद में बुधवार को एक हृदय विदारक घटना सामने आई, जहां एक सड़क हादसे में दोस्त की मौत के बाद दूसरे दोस्त ने भी ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। बता दें कि मलिहाबाद थाना क्षेत्र के सरावां गांव के निवासी 18 वर्षीय मनीष कुमार और 19 वर्षीय सागर बुधवार सुबह मजदूरी कर साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। लखनऊ-हरदोई राजमार्ग पर वे दोनों हंसी-मजाक करते हुए साइकिल चला रहे थे। इसी दौरान, एक दुखद मोड़ आया जब एक दोस्त ने दूसरे को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गया। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने मनीष को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अपने दोस्त का शव देखकर सागर पूरी तरह से घबरा गया। सदमे में उसने पहले एक दूसरे ट्रक के सामने लेटकर जान देने की कोशिश की, लेकिन ट्रक ड्राइवर की सतर्कता से उसकी जान बच गई। इसके बाद, सागर फरीदीपुर गांव की ओर भागा और रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचकर चलती ट्रेन के सामने कूद गया, जिससे उसकी भी मौत हो गई। वहीं थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि मृतकों के परिजनों द्वारा फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से 13 किलोमीटर दूर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
