मानसूनी बारिश बनी आफत, पूर्वोत्तर के 6 राज्यों में बाढ़ का कहर
June 01, 2025
मानसून की दस्तक के साथ पूर्वोत्तर भारत के 6 राज्यों में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात हैं। असम में बारिश से 8 लोगों की मौत हो चुकी है। मेघालय में 3 और मिजोरम में 4 लोगों की मौत हुई हैं। कुल 15 लोगों की मौतें हुई हैं। असम के 17 जिलों में बाढ़-भूस्खलन का कहर बरपा है
इधर, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी कर और टेंशन बढ़ा दी है। मणिपुर में बाढ़ प्रभावित इलाकों से 800 से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया गया है। नेपाल में बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखने लगा है। सीमांचल की 3 नदियां उफान पर हैं। देश के बाकी हिस्से में भी बारिश हो रही है।
असम के गुवाहाटी शहर में नाव चल रही है। SDRF के जवान लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचा रहे हैं। असम के सबसे बड़े शहर पर मॉनसून की मार इस कदर पड़ी है कि सड़कें सैलाब में समा चुकी हैं। सड़कों पर नाव चल रही है।
असम, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, मणिपुर और मिजोरम में बारिश बाढ़ और लैंडस्लाइड ने लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त कर रखा है। असम के श्रीभूमि जिले में कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है। पानी सड़कों से होते हुए लोगों के घरों में घुस गया है।
असम में भारी बारिश के कारण छह जिलों में बाढ़ के हालात हैं, जिससे 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। कामरूप जिले में लैंडस्लाइड की चपेट में आकर एक बच्चा समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। असम के कामरूप मेट्रो और कछार जिले में बारिश से सबसे ज्यादा तबाही हुई है। असम सरकार के मंत्री जयंत मल्लाबरुआ ने बारिश के बाद जलजमाव से प्रभावित इलाकों का दौरा किया और पीड़ितों का हाल जाना है।