उन्नाव: महिला से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश ! पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 5 अपराधियों को किया गिरफ्तार
June 28, 2025
उन्नाव। जिले की सोहरामऊ पुलिस ने एक महिला से धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 5 अपराधियों को गिरफ्तार किया है।घटना शुक्रवार देर रात करीब 12रू30 बजे की है। एसओजी, सर्विलांस और थाना सोहरामऊ पुलिस मोहारी पुरवा मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इस दौरान एक कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और मोहारी पुरवा जंगल की तरफ भागने लगे।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो बदमाशों को पैर में गोली मारी। घायलों को सीएचसी नबाबगंज में भर्ती कराया गया है। तीन अन्य अपराधियों को मौके से ही पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से दो अवैध तमंचे, चार कारतूस, एक सेंट्रो कार और ठगी के 17,600 रुपए बरामद किए।
घायल अपराधियों में विजय 43 वर्ष और लालमन 39 वर्ष शामिल हैं। अन्य तीन गिरफ्तार अपराधियों में निरंजन, विमल और किशनलाल हैं। पूछताछ में पता चला कि इन लोगों ने 25 जून को सोहरामऊ में एसबीआई बैंक के बाहर एक महिला से 21,000 रुपए की ठगी की थी। अपराधियों ने महिला को असली नोटों की जगह नकली नोट थमा दिए थे। इस मामले में थाना सोहरामऊ में मुकदमा दर्ज किया गया था।