उत्तर भारत में झुलसाने वाली गर्मी, बठिंडा और गंगानगर में 50 डिग्री के करीब पहुंचा तापमान
June 11, 2025
दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी का प्रकोप देखा जा रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, बिहार और झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में भी लू जैसी स्थिति देखी जा रही है। पिछले सात दिन में देशभर के तापमान में 8 से 13 डिग्री सेल्सियस तक का इजाफा हुआ है। पंजाब और राजस्थान में अधिकतम तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को पंजाब का बठिंडा 47.6°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा। इसके बाद राजस्थान के गंगानगर में 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कोटा में 46.3, चूरू में 45.5, चित्तोड़गढ़ में 45.4 और बीकानेर में 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं, हरियाणा के सिरसा में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री दर्ज किया गया। रोहतक में 46.1, नारनौल में 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। मध्य प्रदेश के नौगांव में 46.1 डिग्री, नर्मदापुरम में 45.9, गुना में 45.4 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 और सागर में 45 डिग्री सेल्सियम दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश के झांसी में राज्य का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। झांसी में 46 डिग्री, औराई 45.2 डिग्री और आगरा में 45.1 डिग्री सेल्सियम दर्ज किया गया। 13 जून से उत्तर-पश्चिम भारत में लू की स्थिति में धीरे-धीरे राहत मिलने की संभावना है।
दिल्ली में भी भीषण गर्मी पड़ रही है। बुधवार को आयानगर में 45.5 डिग्री, पालम 44.6 डिग्री, रिज 45 डिग्री, लोधी रोड 43.6 डिग्री और सफदरजंग में 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को ऐसा ही मौसम बना रहेगा। हालांकि रात के समय बारिश हो सकती है।