Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS

दिल्ली में हीटवेव का अलर्ट, 48 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा


भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली में हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की है। गुरुवार (12 जून) को दिल्ली में पारा 48 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही गर्म हवाओं से लोगों को भारी परेशानी हो सकती है। बुधवार के दिन भी दिल्ली में जमकर गर्मी थी। दिल्ली के विभिन्न मौसम केंद्रों में तापमान 40.9 से 45.0 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। मौसम विभाग ने बताया कि शाम 5.30 बजे दिल्ली का आयानगर 45 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म इलाका रहा। हालांकि, इस दौरान लोगों को महसूस होने वाली गर्मी इससे भी ज्यादा थी। बुधवार को दिल्ली में लोगों को पारा 50 डिग्री के पार महसूस हुआ।

बुधवार को दिल्ली में उष्मा सूचकांक खतरनाक 51.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। उष्मा सूचकांक वह तापमान है, जो गर्म हवा में मौजूद नमी के चलते मानव शरीर को महसूस होता है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 13 जून तक भीषण गर्मी जारी रहने का अनुमान है, हालांकि उसके बाद, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश से कुछ राहत मिल सकती है। दिल्ली में भी अगले सप्ताह से आसमान में बादल छाने और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आ सकती है। मानसून 26-27 मई से महाराष्ट्र में समुद्र किनारे रुका हुआ है। आने वाले 2-3 दिनों में यह फिर से सक्रिय हो सकता है। ऐसा होने पर महाराष्ट्र और मध्य भारत में भी बारिश के आसार बनेंगे।

आईएमडी ने बताया, “अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने का अनुमान नहीं है। हालांकि, इसके बाद तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है।” भीषण गर्मी के कारण बिजली ग्रिड पर दबाव बढ़ रहा है और उत्तर प्रदेश, पंजाब व आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में बिजली की मांग में वृद्धि दर्ज की गई है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात और मध्यप्रदेश में कम से कम 22 स्थानों पर बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक दर्ज किया गया। आंकड़ों के मुताबिक, राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस अधिक 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक था। राजस्थान के अन्य हिस्सों जैसे चित्तौड़गढ़ (45.7 डिग्री सेल्सियस), चूरू और फलौदी (45.8 डिग्री सेल्सियस प्रत्येक) और जयपुर (44.4 डिग्री सेल्सियस) में भी भीषण गर्मी दर्ज की गई।

उत्तर प्रदेश के आगरा में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री और औराई में 45.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के रोहतक में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री और हिसार में 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पंजाब के अमृतसर (45.8 डिग्री सेल्सियस) और जम्मू (44.4 डिग्री सेल्सियस) में भी अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां तक ​​कि पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भी पिछले कुछ दिनों से सामान्य से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान ऊना में 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों के लिए 12 और 13 जून को ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |