अहमदाबाद में एयर इंडिया का प्लेन क्रैश, विमान में 242 लोग थे सवार
June 12, 2025
गुजरात के अहमदाबाद में बड़ा विमान हादसा हुआ है। 242 यात्रियों को लेकर जा रहा एयर इंडिया का एक विमान क्रैश हो गया है। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। अहमदाबाद में टेकऑफ करते समय यह हादसा हुआ है। इस विमान में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी सवार थे। विमान क्रैश होते ही यह आग के गोले में तब्दील हो गया। साथ ही आस-पास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। यह हादसा अहमदाबाद हॉर्स कैंप के पास हुआ है, जो कि सिविल हॉस्पिटल के पास है। इस हादसे के बाद अलग-अलग लोगों द्वारा प्रतिक्रियाएं दी जा रही हैं। ऐसे में चलिए बताते हैं कि इस हादसे पर किसने क्या कहा है?
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर कहा, 'गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट दुर्घटना का समाचार अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में सभी यात्रियों एवं चालक दल के सदस्यों की कुशलता एवं सुरक्षा हेतु ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ।'
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस हादसे पर कहा, 'अहमदाबाद में हुई भीषण विमान दुर्घटना बेहद दुखद है। इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों को मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। गुजरात प्रशासन बड़े पैमाने पर बचाव कार्य कर रहा है, तथा विमान से जीवित बचे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है। यह भी अनुमान लगाया जा रहा है कि इस दुर्घटना में जान-माल का काफी नुकसान हुआ है। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ कि इस भीषण दुर्घटना में घायल लोग जल्द से जल्द स्वस्थ हों।'
मशहूर उद्योगपति गौतम अडानी ने एयर इंडिया प्लेन क्रैश मामले पर कहा, 'हम एयर इंडिया फ्लाइट 171 की त्रासदी से स्तब्ध और बहुत दुखी हैं। हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अकल्पनीय क्षति झेली है। हम सभी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और ज़मीन पर मौजूद परिवारों को पूरा समर्थन दे रहे हैं।
एयर इंडिया प्लेन क्रैश मामले पर एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा, 'मैं अत्यंत दुःख के साथ पुष्टि करता हूँ कि अहमदाबाद लंदन गैटविक से उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज एक दुखद दुर्घटना में शामिल थी। हमारी संवेदनाएँ और गहरी संवेदनाएँ इस विनाशकारी घटना से प्रभावित सभी लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हैं। इस समय, हमारा प्राथमिक ध्यान सभी प्रभावित लोगों और उनके परिवारों की मदद करना है। हम अपनी साइट पर आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों की सहायता करने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता और देखभाल प्रदान करने के लिए अपनी शक्ति में सब कुछ कर रहे हैं। अधिक आधिकारिक जानकारी प्राप्त होने पर आगे के अपडेट साझा किए जाएंगे। एक आपातकालीन केंद्र सक्रिय कर दिया गया है और जानकारी चाहने वाले परिवारों के लिए सहायता टीम स्थापित की गई है।