सीलमपुर मर्डर केस: लेडी डॉन जिकरा के बाद चाकू से हमला करने वाले दोनों मुख्य आरोपी गिरफ्तार
April 20, 2025
दिल्ली के सीलमपुर में एक युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार शाम इन आरोपियों ने चाकू से गोदकर 17 साल के एक लड़के की हत्या कर दी थी। इसके बाद से पुलिस को दोनों आरोपियों की तलाश थी। पुलिस ने इस मामले में पहले ही लेडी डॉन जिकरा को गिरफ्तार किया था। जिकरा ने इस घटना से जुड़े कई खुलासे किए थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या के दोनों मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने कुल 8 लोगों को पकड़ा है। वहीं, जिकरा दो दिन की पुलिस कस्टडी में भेजी जा चुकी है। दोनों मुख्य आरोपियों के अलावा उनका साथ देने वाले कुछ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है, लेकिन ये सभी नाबालिग हो सकते हैं। इसी वजह से पुलिस ने अब तक किसी के नाम का खुलासा नहीं किया है। उम्र पता चलने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
दिल्ली के सीलमपुर में गुरुवार की शाम 17 साल के एक युवक कुणाल की नकाबपोश बदमाशों ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। युवक की हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान हो गई है। कुणाल हत्याकांड में लेडी डॉन जिकरा गुरुवार की रात से ही पुलिस की हिरासत में थी। जिकरा के अलावा तीन और लोगों को पुलिस की हिरासत में रखा गया था। जिकरा से पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था।
जिकरा के अनुसार नवंबर में उसके कजन साहिल पर जानलेवा हमला हुआ था। इस हमले में लाला और शंभु नाम के लड़के शामिल थे। ये दोनों कुणाल के दोस्त थे। जिकरा के मुताबिक इस हमले में कुणाल भी शामिल था, लेकिन उस समय वह नाबालिग था। इसी वजह से उसका नाम एफआईआर में नहीं आया था। कुणाल की हत्या उसी हमले का बदला है। साहिल पर जब हमला हुआ था, उसमे वह बच गया था और हत्या की कोशिश का केस दर्ज हुआ था। जिकरा और साहिल को लगता है वो हमला कुणाल ने कराया था। उसी का बदला लेने के लिए कुणाल की हत्या की गई।