प्रतापगढः संदिग्ध दशा में फांसी के फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शवः मृतका की मां की तहरीर पर पति के खिलाफ केस दर्ज
April 11, 2025
लालगंज/प्रतापगढ़। संदिग्ध दशा में फांसी के फन्दे से विवाहिता का शव लटकता मिला। मौत की जानकारी होने पर परिजनों मे कोहराम मच गया। विवाहिता की मौत को लेकर उसकी मां ने तहरीर देकर पति पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना पर पहंुची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा कर पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। सांगीपुर थाना क्षेत्र के कल्यानपुर कला दीवानगंज में शुक्रवार को दोपहर घर के अंदर सत्ताईस वर्षीया रिंकी वर्मा पत्नी इन्द्रजीत वर्मा का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। विवाहिता की मौत को लेकर उसकी मां कमला वर्मा पत्नी रामकृपाल वर्मा ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरा न करने पर पति ने उसकी बेटी को फांसी के फंदे से लटका कर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की मां के अनुसार तीन वर्ष पूर्व नौबस्ता निवासी इंद्रजीत वर्मा पुत्र मोती लाल वर्मा के साथ उसने अपनी बेटी का धूमधाम से विवाह किया था। दहेज की मांग को लेकर पति समेत ससुरालीजन उसे प्रताड़ित व मारने पीटने लगे। एक वर्ष से बेटी यहां मायके में रह रही थी। आरोप है कि शुक्रवार को घर के लोग खेत में काम करने गये थे। इसी बीच विवाहिता का पति इंद्रजीत यहां पहुंचा और गालीगलौज करने लगा। इसके बाद उसने फांसी के फंदे से विवाहिता को लटकाकर उसकी हत्या कर दी। एसओ मनीष त्रिपाठी का कहना है कि शव को पीएम के लिए भेजा गया है, तहरीर के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।