पहलगाम हमले के बाद दिल्ली-मुंबई और यूपी में हाई अलर्ट, सुरक्षा बढ़ाई गई
April 23, 2025
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई हैं। इस घटना के बाद यूपी, दिल्ली और मुंबई में हाई अलर्ट जारी किया गया है। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक हमला बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख पर्यटन केंद्रों और सीमा चौकियों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। उत्तर प्रदेश पुलिस को विशेष रूप से धार्मिक स्थलों पर सतर्क रहने के लिए कहा गया है।
दिल्ली पुलिस को पर्यटन स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण जगहों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली पुलिस सूत्र ने इस संबंध में जानकारी दी है। उधर, मुंबई में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जयपुर और अमृतसर में भी पुलिस अलर्ट मोड पर है। यूपी पुलिस महानिदेशक (DGP) प्रशांत कुमार ने प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों और जिलाधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने का आदेश जारी किया है। अयोध्या ,काशी और मथुरा जैसे धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। डीजीपी ने सभी जिलों में निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
घातक आतंकवादी हमले की निंदा करने के लिए विभिन्न संगठनों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन करने का फैसला किया है और इसके परिणामस्वरूप जम्मू में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
पहलगाम आतंकी हमले में मरने वाले लोगों में यूपी, महाराष्ट्र, बंगाल, कर्नाटक, बिहार, मध्य प्रदेश, हरियाणा के लोग शामिल हैं। आतंकियों ने इस हमले में केवल उन लोगों को टारगेट किया जो अपने परिवार के साथ घूमने गए थे यहां तक कि आतंकियों ने लोगों के नाम पूछ-पूछकर गोली मारी।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के मद्देनजर देहरादून में भी अलर्ट कर जारी किया गया है और पूरे जिले में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने यहां बताया कि उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक के निर्देशों पर देहरादून जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और जिले की सीमाओं व आंतरिक मार्गो सहित सभी प्रमुख स्थानों पर पुलिस द्वारा प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस अधीक्षक विकासनगर और ऋषिकेश द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में स्वयं मौजूद रहकर पुलिस चेकिंग का जायजा लिया जा रहा है।