प्रतापगढः स्कूल चलो अभियान के तहत निकाली गई जागरूकता रैली
April 11, 2025
कोहड़ौर/प्रतापगढ़। जिले में नगर पंचायत कोहड़ौर अंतर्गत स्थित पूरेलोकई वार्ड में स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने के लिए एक विशेष पहल की गयी। प्रधानाध्यापक अमित कुमार शुक्ल के नेतृत्व में एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली के दौरान टीम ने वार्ड की गलियों में जाकर बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात की। प्रधानाध्यापक अमित ने शिक्षा के महत्व को समझाते हुए बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एक विशेष पहल करते हुए प्रधानाध्यापक ने बच्चों को पेन और कॉपियां वितरित की। इस पहल के माध्यम से बच्चों में पढ़ने के प्रति रुचि जगाने का प्रयास किया गया। यह कदम सरकार की स्कूल चलो अभियान की मंशा के अनुरूप है जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को शिक्षा से जोड़ना है। इस दौरान बच्चे अपने हाथों में शिक्षा प्रेरक नारे व स्वच्छता अभियान को प्रेरित करती हुई स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर चल रहे थे। मम्मी पापा हमें पढाओ, स्कूल चलकर नाम लिखाओ। एक भी बच्चा छूट गया, संकल्प हमारा टूट गया। सभी रोगों की एक दवाई, घर में रखो साफ सफाई आदि नारे लगाते हुए बच्चे चल रहे थे। वहीं बीच बीच में प्रधानाध्यापक अमित कुमार शुक्ल व शिक्षिका स्नेहलता अभिभावकों से अपील कर रहे थे कि अपने परिवार के 6 वर्ष से 14 वर्ष तक के बच्चों के नाम विद्यालयों में अवश्य लिखवाएं। विद्यालय में पर्याप्त भौतिक संसाधन उपलब्ध हैं।