प्रयागराज: डॉ आंबेडकर जी ने शिक्षित हो, संगठित हो, संघर्ष करो, के नारे में दिया जीवन का मूलमंत्र -डॉ मानसिंह यादव
April 15, 2025
प्रयागराज। देश के संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आज समाजवादी पार्टी के नेताओं कार्यकर्ताओं ने जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें नमन किया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव के निर्देश पर पिछले आठ जुलाई से लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जयंती कार्यक्रम का आज समापन भी किया गया।
सपा कार्यालय में आयोजित डॉक्टर अंबेडकर जयंती समारोह में मुख्यातिथि के रूप में एमएलसी डॉक्टर मान सिंह यादव ने अपने संबोधन में कहा कि डॉक्टर अंबेडकर जी ने शिक्षित हो संगठित हो संघर्ष करो के नारे में जीवन का मूलमंत्र दिया है। उन्होंने देश के वंचितों, शोषितों,पीड़ितों, दलितों,आदिवासियों एवं पिछड़े समाज के लोगों को राह दिखाई। देश के संविधान के निर्माण में अपना अमूल्य योगदान देते हुए उन्होंने इस वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उन्नति के मार्ग को प्रशस्त करने के लिए अनेक अवसर दिया।
सपा एमएलसी डॉ मान सिंह ने कहा कि वर्तमान में देश में कुछ ऐसी ताकतों के हाथ में सत्ता की बागडोर है जो निरंतर देश के संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को आघात पहुंचा रहे हैं। ऐसे में डॉक्टर लोहिया, डॉक्टर अम्बेडकर, धरती पुत्र मुलायम सिंह सहित तमाम सामाजिक न्याय के लिए आजीवन संघर्ष करते रहे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पीडीए का नारा देकर संविधान को बचाने के लिए संघर्ष शुरू कर दिया है। सपा के लोग गांव गांव, शहरों के गली मोहल्ले में जन जागरूकता चैपाल लगाकर लोंगो को संविधान और लोकतंत्र बचाने के लिये जागरूक कर रहे हैं।
सपा जिलाध्यक्ष गंगा पार अनिल यादव ने कहा कि पीडीए जागरूकता अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है। जिलेभर में अब तक दो हजार से अधिक चैपाल आयोजित किए जा चुके हैं। महानगर अध्यक्ष शायद इफ्तेखार हुसैन ने कहा की पीडीए जागरूकता अभियान में समाज के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है जो अभूतपूर्व है। यमुनापार के जिलाध्यक्ष पप्पू लाल निषाद ने कहा कि पीडीए की मजबूती से ही बाबा साहब के संविधान की रक्षा हो सकेगी।
वक्ताओं ने बाबासाहब को युगपुरुष बताते हुए कहा कि उन्होंने विश्व के सबसे बड़े लोकतान्त्रिक देश को संविधान देकर अभूतपूर्व कार्य किया है। इतना ही नहीं देश के वंचितों, शोषितों को संविधान में अधिकार देकर सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर दिया है।
इस मौके पर अन्य लोंगो में प्रमुख रूप से पूर्व एमएलसी बासुदेव यादव,नरेन्द्र सिंह, श्रीमती कमला यादव,मुजतबा सिद्दीकी,कृष्ण मूर्ति सिंह, पंधारी यादव,अमरनाथ मौर्य, संदीप यादव,श्रीमत मंजू यादव, पद्मा,राम मिलन, महबूब उस्मानी, राजू पासी,रविन्द्र यादव एडवोकेट, राम सुमेर पाल, जगदीश यादव, प्रो. उमाकांत, दान बहादुर मधुर, ओ पी यादव, आर. एन. यादव, सचिन यादव,एरम रब्बानी, पप्पू इजराइल,कुलदीप यादव, विक्रम सिंह यादव, कमलेश, रेहान अहमद, राम अवध पाल,नाटे चैधरी, हरिश्चन्द्र, मृत्युंजय पाण्डेय,दिलीप, सुधीर निषाद, पवन यादव, आदि मौजूद रहे।
