प्रयागराजः केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एसआरएन में संचालित मां की रसोई का किया निरीक्षण
April 11, 2025
प्रयागराज। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरूवार को प्रयागराज में प्रवास के दौरान स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय का भ्रमण कर सुविधाओं का जायजा लेने के साथ ही अस्पताल परिसर में आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों के साथ ही जरूरतमंदों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल परिसर में ही नन्दी सेवा संस्थान द्वारा संचालित मां की रसोई का निरीक्षण किया।
केंद्रीय मंत्री ने मरीजों व तीमारदारों के लिए बन रहे भोजन की गुणवत्ता एवं खाद्य सामग्रियों की क्वालिटी का भी निरीक्षण किया। उत्तर प्रदश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने केंद्रीय मंत्री को नन्दी सेवा संस्थान के प्रयासों एवं संकल्पों से अवगत कराया। साथ ही मां की रसोई के स्थापना से लेकर संचालन तक के प्रयासों एवं सभी के सहयोग की जानकारी दी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मां की रसोई में भोजन बनाने के तरीकों के साथ ही साफ-सफाई आदि व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिसे देखने के बाद उन्होंने कहा कि किसी भोजनालय नहीं बल्कि रेस्टोरेंट की तरह इस रसोई को सजाया गया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने मां की रसोई में भोजन कर रहे लोगों से बातचीत की और भोजन की गुणवत्ता के बारे में पूछा।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, सांसद प्रवीण पटेल, करछना विधायक पीयूष रंजन निषाद, फूलपुर विधायक दीपक पटेल, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चैधरी एवं अन्य पदाधिकारीगण मौजूद रहे।