- 280 सरोवरों का हुआ था चयन, 55 अधूरे
अमेठी। सरकार ने जल संरक्षण के लिए वर्ष 2022 में अमृत सरोवर नाम से तालाब का निर्माण कराने का आदेश दिया था। जिसके तहत 280 तालाबों का चयन किया गया है। जिसमें से 55 का काम अधूरा है। वहीं 12 पर अभी काम तक शुरू नहीं हो सका है। सरकार ने जल संरक्षण के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में एक तालाब का निर्माण कराने का निर्देश दिया था। बाद में वर्ष 2022 में इन तालाबों का नाम अमृत सरोवर कर दिया। जिसके निर्माण को लेकर शुरू में खूब ढिंढोरा पीटा गया। शुरुआत में 280 ग्राम पंचायतों में अमृत सरोवर निर्माण के लिए स्थान का चयन किया गया। इसमें से 225 सरोवरों का निर्माण अब तक पूरा कराया गया है। बाकी 55 में से 43 पर निर्माण कार्य जारी होने का दावा विभाग द्वारा किया जा रहा है। वहीं 12 अमृत सरोवरों पर अभी तक निर्माण कार्य शुरू भी नहीं हो सका है। विभागीय लोगों की माने तो बजट के अभाव में निर्माण कार्य अधर में लटका हुआ है। बजट मिलने के बाद कार्य पूरा हो सकेगा। इस संबंध में डीसी मनरेगा शेर बहादुर ने कहा कि जल्द ही जिन अमृत सरोवरों का निर्माण शुरू नहीं हुआ है। उन पर काम शुरू कराया जाएगा। अधूरे अमृत सरोवरों का कार्य भी जल्द पूर्ण कराया जाएगा।