'एल2- एमपुरान' के आगे भी डटी है 'छावा', 43वें दिन भी करोड़ में हुई कमाई
March 29, 2025
विक्की कौशल की 'छावा' का खुमार दर्शकों के सिर से उतरने का नाम नहीं ले रहा है. 14 फरवरी को रिलीज हुई 'छावा' अब तक पर्दे पर है और बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है. रिलीज के 43 दिन बाद भी फिल्म हर रोज करोड़ों में कमाई कर रही है. नई फिल्मों की रिलीज का भी 'छावा' के कलेक्शन पर कोई असर होता नजर नहीं आ रहा है.
ऑफिशियल बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के मुताबिक 'छावा' ने पांच हफ्तों में कुल 585.81 करोड़ रुपए का बिजनेस किय था. इसमें हिंदी और तेलुगु दोनों वर्जन का कलेक्शन शामिल था. सैकनिल्क की मानें तो 'छावा' छठे हफ्ते भी 16.3 करोड़ रुपए कमाने में कामयाब रही. इसी के साथ विक्की कौशल की फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 6 हफ्तों में टोटल 602.11 करोड़ रुपए का कारोबार किया.
27 मार्च को पृथ्वीराज सुकुमारन और मोहनलाल की फिल्म 'एल2: एमपुरान' रिलीज हुई. हालांकि विक्की कौशल की फिल्म पर इसका कोई असर नहीं नजर आया और ये मजबूती से बॉक्स ऑफिस पर डटी है. 'एल2: एमपुरान' की रिलीज के बाद भी 'छावा' ने 43वें दिन 1.15 करोड़ रुपए कमा लिए. इसी के साथ भारत में अब फिल्म का कुल कलेक्शन 603.26 करोड़ रुपए हो गया है.
लक्ष्मण उतेकर के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'छावा' संभाजी महाराज की कहानी है. फिल्म में विक्की कौशल ने ही संभाजी महाराज का किरदार निभाया है जिसे दर्शक खूब सराह रहे हैं. वहीं रश्मिका मंदाना उनकी पत्नी येसूबाई का रोल अदा करती नजर आई हैं. अक्षय खन्ना ने भी औरंगजेब की भूमिका में फैंस को काफी इंप्रेस किया है. इसके अलावा दिव्या दत्ता और आशुतोष राणा का भी फिल्म में अहम रोल है.
