प्रतापगढः स्कार्पियो ने ई रिक्शा में मारी जोरदार टक्कर, 1 महिला की मौत 8 घायल
March 31, 2025
कोहड़ौर/प्रतापगढ़। प्रयागराज-अयोध्या राजमार्ग पर सड़क हादसे में एक पुरुष, सात महिला व एक बच्ची समेत 8 घायल। मिली जानकारी के अनुसार कोहड़ौर थाना क्षेत्र के लाखीपुर तिराहे के समीप प्रतापगढ़ की तरफ से सुलतानपुर जा रहे ई-रिक्शा में एक स्कार्पियो ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ई रिक्शा सड़क किनारे गढ्ढे में पलट गया। ई रिक्शा में सवार 7 महिलाओं, 1 बच्ची व चालक समेत 8 लोग घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की काफी भीड़ जमा हो गयी। सूचना मिलते ही एसओ कोहड़ौर राधेश्याम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ई रिक्शा में सवार सीमा पत्नी राहुल (30 वर्ष), रिया पुत्री राहुल यादव (6 वर्ष), पूनम पत्नी रमाशंकर अग्रवाल (36 वर्ष), प्रीति पत्नी शब्दराम विश्वकर्मा (40 वर्ष), वंदना पुत्री रामआसरे (18 वर्ष) को ईलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोहड़ौर भेजवाया। वहीं गम्भीर रूप से घायल रिक्शा चालक, एक महिला व बच्ची को थाने की जीप से सीधे जिला अस्पताल भेजवाया। जिला अस्पताल में ईलाज के दौरान ज्योति यादव पुत्री रामकलप यादव (30 वर्ष) की मौत हो गयी। वहीं रिक्शा चालक दिनेश पुत्र संतलाल व श्रद्धा अग्रवाल की हालत गम्भीर देख डॉक्टरों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। सीएचसी कोहड़ौर में डॉक्टर ने तीन घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया व दो को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया। ई-रिक्शा में टक्कर मारने वाली स्कार्पियो मौके से फरार हो गयी। कोहड़ौर पुलिस दिनभर सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी रही। फुटेज में काले रंग की स्कार्पियो तो दिख रही थी लेकिन गाड़ी का नम्बर स्पष्ट नहीं हो पाया। हालांकि पुलिस जांच पड़ताल में लगी हुई है। ग्रामीणों के बीच चर्चा थी कि अगर टोल प्लाजा पर जांच की जाय तो स्कार्पियो का पता चल सकता है। एसओ कोहड़ौर ने बताया कि काले रंग की स्कार्पियो (एन) ई-रिक्शा में टक्कर मारकर मौके से भाग गयी। सीसीटीवी की मदद से पता किया जा रहा है। कैमरा क्लेरिटी न होने से गाड़ी का नम्बर नहीं निकल पा रहा है। जांच की जा रही है।
.jpg)