Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: गलत बैनर प्रकरण में भाजपा कार्यकर्ताओं का बीआरसी पर घेराव, दो शिक्षा कर्मियों को नोटिस।

मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद हरकत में आया शिक्षा विभाग, तीन कार्य दिवस में मांगा स्पष्टीकरण; वेतन रोकने की संस्तुति

सोनभद्र। बभनी ब्लॉक स्तरीय बेसिक बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता में गलत बैनर लगाए जाने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। मीडिया में खबर प्रसारित होने के बाद बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बीआरसी केंद्र का घेराव कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। मामले को लेकर शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया है। खंड शिक्षा अधिकारी ने दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन कार्य दिवस के भीतर साक्ष्यों सहित स्पष्टीकरण मांगा है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष लालकेश कुशवाहा एवं किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रमोद दुबे के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बीआरसी केंद्र पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए मामले में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ता इस संबंध में थाने भी पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक अरविंद सरोज ने बताया कि प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

वहीं, खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने मामले में कार्रवाई करते हुए सहायक लेखाकार विजय कुमार तथा प्राथमिक विद्यालय नवाटोला के सहायक अध्यापक प्रमोद कुमार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। दोनों कर्मचारियों से साक्ष्यों सहित अपना पक्ष रखने को कहा गया है। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

इसके अतिरिक्त दोनों कर्मचारियों का वेतन रोकने की संस्तुति करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजा गया है। मीडिया में मामला उजागर होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध और शिक्षा विभाग की कार्रवाई से विभागीय महकमे में हलचल मची हुई है। अब सबकी निगाहें संबंधित कर्मचारियों के स्पष्टीकरण और विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |