Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: चकाड़ी पुल पर राहगीरों से लूट करने वाले पांच शातिर बदमाश गिरफ्तार

तीन राहगीरों से मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटने का था आरोप, 3,300 रुपये, दो मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त दो बाइक बरामद

दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार, पुलिस तलाश में जुटी

सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के चकाड़ी पुल के पास राहगीरों से मारपीट कर मोबाइल फोन और नकदी लूटने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को ओबरा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट के बचे हुए 3,300 रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। वहीं, पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर 2026 को दोपहर में चकाड़ी पुल के पास बदमाशों ने चंदा मांगने के बहाने तीन राहगीरों को रोक लिया। इसके बाद उनके साथ मारपीट और धमकी देते हुए मोबाइल फोन तथा नकदी लूट ली थी। मामले में पीड़ित सुपीन्द्र कुमार सिंह निवासी ग्राम भरहरी, थाना जुगैल की तहरीर पर ओबरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 के तहत बीएनएस की धारा 309(6) एवं 352 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी ओबरा प्रभात राय के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 14 नवंबर की रात करीब दो बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने सेक्टर-10 स्थित पुराने पीएसी मैदान के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे पांच आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनू तिवारी, राजू यादव, राहुल गुप्ता उर्फ चिन्नी रोटी, आशीष जायसवाल और रोहित यादव उर्फ राका के रूप में हुई है। सभी आरोपी ओबरा थाना क्षेत्र के खैरटिया के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट के बचे हुए 3,300 रुपये, दो स्मार्टफोन तथा वारदात में प्रयुक्त सिल्वर रंग की पैशन प्रो और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मोटरसाइकिलों के आवश्यक कागजात नहीं मिलने पर उन्हें धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी राजू यादव का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आ चुका है। उसके विरुद्ध ओबरा थाने में मारपीट, धमकी, एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज होने का आपराधिक इतिहास बताया गया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक जय शंकर सिंह, अमित कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस फरार दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |