Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

Sonebhadra: मेडिकल कॉलेज लोढ़ी में अव्यवस्थाओं पर भड़की भीम आर्मी व आ.स.पा सुधार की मांग को लेकर किया जोरदार प्रदर्शन।

ट्रामा सेंटर में गंदगी, डॉक्टरों की अनुपस्थिति, बाहर से जांच व दवा लिखना गार्ड द्वारा दुर्व्यवहार करना और मरीजों को सुविधाओं के अभाव का उठाया मुद्दा।

सोनभद्र। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय लोढ़ी में व्याप्त कथित अव्यवस्थाओं, चिकित्सकों की लापरवाही और मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के विरोध में मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रविकान्त के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रधानाचार्य को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष रविकान्त ने ज्ञापन के माध्यम से कहा कि सोनभद्र चार राज्यों की सीमाओं से घिरा जनपद है। यहां दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचते हैं। विशेष रूप से सड़क दुर्घटनाओं के घायलों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया जाता है, लेकिन अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं के कारण मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रामा सेंटर के विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब है। शौचालय और बाथरूम से दुर्गंध आती है। ड्यूटी पर लगाए गए चिकित्सक समय से उपस्थित नहीं रहते और वार्डों में भर्ती मरीजों की देखरेख के लिए पर्याप्त स्टाफ भी उपलब्ध नहीं है। कई वार्डों का संचालन सीमित स्टाफ के सहारे किया जा रहा है। इसके अलावा लिफ्ट खराब रहने, पंखे और लाइट की व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने तथा मरीजों के लिए पेयजल की सुविधा न होने से समस्याएं बढ़ रही हैं।

ज्ञापन में मांग की गई कि ट्रामा सेंटर में नियमित साफ-सफाई कराई जाए और लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई हो। खराब लिफ्ट को तत्काल दुरुस्त कराया जाए तथा सभी वार्डों में आरओ और वाटर कूलर की व्यवस्था की जाए। मरीजों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देते हुए इलाज उपलब्ध कराया जाए और हड्डी रोग के मरीजों को बाहर से रॉड एवं स्टील खरीदने के लिए मजबूर करने पर रोक लगे।

इसके साथ ही प्रत्येक बेड के नीचे डस्टबिन रखने, इमरजेंसी वार्ड में अनुभवी चिकित्सकों की नियमित तैनाती करने, भर्ती मरीजों की रक्त जांच समय से कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा सैंपल बाहर भेजने की समस्या दूर करने की मांग उठाई गई। मरीजों को अस्पताल के अंदर से ही दवाएं उपलब्ध कराने, बिजली कटौती के दौरान जनरेटर तत्काल चालू करने, एल-2 भवन में पर्याप्त स्टाफ तैनात करने और मरीजों व तीमारदारों के साथ दुर्व्यवहार रोकने की भी मांग की गई। एल-2 इमरजेंसी में रात्रि के समय नियमित रूप से दो चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने पर भी जोर दिया गया।

रविकान्त ने कहा कि इन समस्याओं को लेकर पूर्व में भी 16 अक्टूबर को पार्टी के लेटर पैड पर अस्पताल प्रशासन को अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रशासन को सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए।

इस सम्बंध में मेडिकल कालेज लोढ़ी के प्रिंसिपल ने कहा कि इन लोगो का जो भी जेनवीन मुद्दे थे उसको तत्काल दुरुस्त कराया जा रहा है कुछ चीज ऐसी हैं जिसमें समय लगता है जल्द सब कुछ ठीक हो जाएगा। 

इस मौके पर राहुल राव,रविशंकर,अरुण कुमार,दिनेश कुमार,ऋतु राज समेत तमाम भीम आर्मी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |