Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

लखनऊः रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज करेंगे गुलजार उपवन में दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण


लखनऊ। भारत सरकार के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद माननीय श्री राजनाथ सिंह जी कल, 13 नवंबर को सुल्तानपुर रोड स्थित ब्रह्माकुमारीज के राजयोग प्रशिक्षण केंद्र, गुलजार उपवन में नवनिर्मित श्दिव्य संस्कृति भवनश् का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री ब्रजेश पाठक भी उपस्थित रहेंगे।

यह जानकारी गुरुवार को गुलजार उपवन में आयोजित प्रेस वार्ता में ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी बी.के. राधा दीदी ने दी। उन्होंने बताया कि प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थापना के 90 वर्ष पूर्ण होने तथा लखनऊ में संस्था की आध्यात्मिक सेवाओं के 72 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नवदशकोत्सव मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में दिव्य संस्कृति भवन का लोकार्पण एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

लोकार्पण समारोह में राजयोगिनी बी.के. आशा दीदी (निदेशक, ओम शांति रिट्रीट सेंटर, दिल्ली), राजयोगिनी बी.के. मनोरमा दीदी (सब-जोन इंचार्ज, ब्रह्माकुमारीज प्रयागराज) तथा राजयोगी बी.के. मृत्युंजय भाई (अतिरिक्त महासचिव, ब्रह्माकुमारीज, माउंट आबू, राजस्थान) की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। सभी अतिथियों को ब्रह्माकुमारीज लखनऊ की सब-जोन इंचार्ज राजयोगिनी बी.के. राधा दीदी द्वारा आमंत्रित किया गया है।

राधा दीदी ने बताया कि लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में फैला गुलजार उपवन एक विशाल आध्यात्मिक परिसर है। दिव्य संस्कृति भवन के निर्माण का उद्देश्य मानवीय मूल्यों का संवर्धन करते हुए आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों का पुनर्जागरण, संरक्षण और संवर्धन करना है। यहां समय-समय पर आध्यात्मिक एवं राजयोग सत्रों का आयोजन होगा तथा आमजन के लिए निःशुल्क राजयोग प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके माध्यम से लोगों को राजयोग द्वारा आध्यात्मिकता को दैनिक जीवन में समाहित करने, मन की शांति, सकारात्मकता और श्रेष्ठ संस्कारों को जीवन में अपनाने का मार्गदर्शन दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भवन का निर्माण चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है। आगामी चरणों में लगभग दो हजार लोगों की क्षमता वाला विशाल ऑडिटोरियम तथा लगभग 300 लोगों के ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की योजना है। इससे यह परिसर आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

राधा दीदी ने कहा कि हम सभी अपने बाहरी जीवन को परिष्कृत करने का बहुत प्रयास करते हैं, लेकिन वास्तविक सुख और खुशनुमा जीवन के लिए अपने आंतरिक विचारों का परिष्करण आवश्यक है। आज के बिगड़ते सामाजिक वातावरण में मानवीय एवं श्रेष्ठ संस्कारों को जागृत करना समय की मांग है। राजयोग ध्यान के अभ्यास से मन को सकारात्मक बनाकर जीवन में सुख, शांति और प्रसन्नता का अनुभव किया जा सकता है।

राधा दीदी ने बताया कि गुलजार उपवन में पूर्व में भी अनेक आध्यात्मिक गतिविधियां आयोजित होती रही हैं। गत वर्ष 28 नवंबर को भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने यहां आयोजित श्विश्व एकता एवं विश्वास के लिए ध्यानश् कार्यक्रम के राज्य स्तरीय शुभारंभ अवसर पर राजयोग ध्यान किया था। दिव्य संस्कृति भवन के निर्माण से इस परिसर की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को और विस्तार मिलेगा।

रक्षा मंत्री एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) तथा सहायक पुलिस आयुक्त ने गुलजार उपवन का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा तय की है। समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

अंत में राधा दीदी ने सभी श्रद्धालुओं, गणमान्य नागरिकों एवं शहरवासियों से इस ऐतिहासिक अवसर पर समारोह में सम्मिलित होकर आध्यात्मिक सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |