हाथरस। स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न टीमों ने बुधवार को जनपद में अपंजीकृत चिकित्सकों, क्लीनिकों, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ छापेमार कार्रवाई की। जांच के दौरान कई संस्थानों में निर्धारित मानक पूरे नहीं मिलने पर नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा गया, जबकि एक अवैध क्लीनिक को सील कर दिया गया।
डॉ. प्रवीण कुमार भारती की टीम ने हाथरस जंक्शन, मेंडू और हसायन क्षेत्र में कई क्लीनिकों एवं पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। अजय प्रताप राजपूत क्लीनिक, रामगोपाल सिंह क्लीनिक, श्याम पैथोलॉजी, लाइफ केयर हॉस्पिटल सहित अन्य संस्थानों में मानक पूरे नहीं मिलने पर नोटिस जारी किए गए। रति का नगला स्थित दांतों के अस्पताल के संचालक टीम को देखकर मौके से चले गए, जिसके बाद वहां नोटिस चस्पा किया गया।
वहीं, डॉ. आरएन सिंह की टीम ने सैफऊ ब्लॉक में ओमकार की अवैध क्लीनिक को सील कर दिया। गुटेरा और नगला कांची में संचालित अन्य क्लीनिकों को भी नोटिस जारी किए गए।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता ने सादाबाद क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 10 क्लीनिकों एवं लैब को नोटिस जारी किए। जांच में कुछ पंजीकृत संस्थानों में पंजीकृत चिकित्सक मौजूद नहीं मिले। इनमें दिया हॉस्पिटल, वैष्णवी पैथोलॉजी और राधिका पैथोलॉजी शामिल हैं।
मुरसान क्षेत्र में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की टीम ने बी हॉस्पिटल, श्रीराम हॉस्पिटल, एमजी हॉस्पिटल और जेडी पैथोलॉजी लैब को भी नोटिस जारी किए।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि अपंजीकृत एवं मानकों के विपरीत संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आमजन से अपील की है कि अवैध क्लीनिकों, अस्पतालों और पैथोलॉजी लैब में इलाज एवं जांच कराने से बचें।
