फिरोजाबाद में रेप के आरोपी दो भाइयों का पुलिस ने किया हॉफ एनकाउंटर
November 02, 2026
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में नाबालिग से दुष्कर्म के दो आरोपियों को पुलिस ने एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि पुलिस मुठभेड़ के दौरान दोनों सगे भाइयों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों ने शनिवार शाम को किशोरी को हवस का शिकार बनाया था और डंडे से हमला कर अधमरा छोड़ा दिया था। पुलिस अब आगे की कार्रवाई कर रही है।
फिरोजाबाद के थाना खेरगढ़ क्षेत्र में नाबालिग के साथ हुई दरिंदगी के मामले में पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर दो मुख्य आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान धर दबोचा है। आरोपी सगे भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देशी तमंचा कारतूस और बाइक बरामद की हैं।
यह सनसनीखेज मामला थाना खेरगढ़ इलाके का है। पुलिस के मुताबिक शनिवार की शाम को एक नाबालिग किशोरी शौच के लिए खेतों की तरफ गई थी। इसी दौरान दरिंदों ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और सबूत मिटाने या विरोध करने की नीयत से उसपर डंडों से बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर अधमरी हालत में खेत में ही पड़ी रही और आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने फौरन मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी। रविवार व सोमवार की दरमियानी रात पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि दोनों आरोपी थाना खेरगढ़ क्षेत्र के जंगलों में छिपे हुए हैं और भागने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जंगलों की घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपी गोलियां लगने से घायल हो गए। पकड़े गए दोनों आरोपियों की पहचान जगत और ऋषि के रूप में हुई है, जो आपस में सगे भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक बाइक और दो अवैध देशी तमंचे और कारतूस भी बरामद किए हैं।
