Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

यूपी में निकाह से पहले दूल्हे को मिली गोली मारने की धमकी, बिन दुल्हन वापस लौटी बारात


यूपी के अमरोहा जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां निकाह से कुछ घंटे पहले दूल्हे को फोन पर जान से मारने की धमकी मिली। इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस चली गई। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, पंचायत हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। मामला जनपद अमरोहा के थाना मंडी धनौरा के गांव का है। फिलहाल दुल्हन पक्ष का कहना है कि आपसी रंजिश की वजह से किसी ने यह कॉल की है। हमारा लाखों का नुकसान हुआ है।

दरअसल, जनपद अमरोहा के थाना मंडी धनौरा की रहने वाली लड़की की जिला बिजनौर से शनिवार को बारात आई थी। घर व बारात के लोग खाना खा रहे थे और कुछ घंटे बाद निकाह पढ़ा जाना था, तभी दूल्हे के मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। दूल्हे को फोन करने वाले शख्स ने धमकी दी कि अगर इस लड़की से निकाह किया तो वो उसे गोली मार देगा। इस घटना से दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। धमकी देने वाले ने खुद को लड़की का प्रेमी बताया और कुछ ऐसे साक्ष्य भी दिए जिसके बाद दूल्हा व उसके परिजनों ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

वहीं फोन पर मिली जान से मारने की धमकी के बाद दूल्हा अपने परिजनों के साथ संबंधित थाने पहुंच गया। यहां उन्होंने मामले की पूरी जानकारी दी। सूचना पर दुल्हन पक्ष के लोग भी थाने पहुंच गए। इस दौरान काफी देर तक बातचीत चली, लेकिन पूरी बातचीत बेनतीजा रही। इसके बाद मामला गांव की पंचायत में भी पहुंचा, लेकिन नतीजा वहां भी कुछ नहीं निकला। इसके बाद दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात वापस ले गया।

वहीं दुल्हन के भाई ने बताया कि बारात आई थी और किसी ने उन्हें गलत कॉल कर दी कि लड़का आयेगा तो गोली मार देंगे, लेकिन ऐसा कुछ नहीं था। हमारी पुरानी दुश्मनी है, उन्हीं लोगों में से किसी ने ऐसा किया है, जिसके बाद दूल्हा पक्ष के लोग बारात वापस ले गए। पंचायत हो रही है, ना थाने में सुनवाई हुई, ना पंचायत में। हमारा लगभग बीस से पच्चीस लाख के बीच खर्चा हुआ। हमने पूरा फर्नीचर और सामान और स्विफ्ट कार दी थी। वहीं पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों में से किसी ने भी इस संबंध में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। यदि कोई पक्ष देगा तो उसपर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |