भांवरकोल/गाजीपुर । बलिदानियों की धरती शेरपुर कलां में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं ‘जिंदा शहीद’ के नाम से विख्यात स्व. सीताराम राय की पुण्यतिथि पर क्षेत्रवासियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर नारायण उपाध्याय ने कहा कि बाबू साहब बेहद जिंदादिल इंसान थे। वे हमेशा लोगों को एकजुट होकर चलने की सलाह देते थे। उनके आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
युवा समाजसेवी हिमांशु राय ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजी सैनिकों की गोलियां लगने के बावजूद सीताराम राय ने अदम्य साहस का परिचय दिया। स्थानीय वृत्तांतों में उन्हें तीन से चार गोलियां लगने का उल्लेख मिलता है। अंग्रेजों ने उन्हें मृत समझ लिया था और बेसो नदी की ओर ले जाने की घटना भी प्रचलित है। इसके बावजूद वे जीवित बच गए। उनकी इसी असाधारण जीवटता और देशभक्ति के कारण उन्हें (जिंदा शहीद) के नाम से जाना जाता है।
डॉ. आलोक राय ने उनके ओजस्वी व्यक्तित्व और अदम्य साहस को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। दिनेश चंद्र राय चैधरी ने पुरानी यादें साझा कर श्रद्धांजलि दी, जबकि भाजपा नेता राजेश राय बागी ने उनके संघर्षों को याद किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रवींद्रनाथ राय ने की तथा संचालन ओमप्रकाश मिश्र ने किया। इस मौके पर पूर्व प्रधान विद्यासागर गिरी, शशिधर राय, डॉ. सुरेश राय, डॉ. रमेश राय, आनंद राय, बूच्चू उपाध्याय, प्रदीप राय, छोटू राय और आशीष उपाध्याय सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
