Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

बिना लाइसेंस चल रहा था पटाखों का खेल! घाटमपुर में पुलिस ने मारा छापा, भारी मात्रा में माल बरामद


उत्तर प्रदेश के कानपुर के घाटमपुर क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण का मामला सामने आया है। पुलिस ने पतारा कस्बे और नौरंगा गांव में छापेमारी कर चार दुकानों से करीब क्विंटल पटाखे बरामद किए। दुकानदारों के पास पटाखों के भंडारण से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ के साथ ही अवैध भंडारण के संबंध में जांच की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, पतारा कस्बे में राजेश साहू और हरिओम सैनी की दुकानों पर सोमवार दोपहर छापेमारी की गई। यहां से करीब 71 किलो पटाखे बरामद हुए। इसके अलावा नौरंगा गांव निवासी श्रवण कुमार उर्फ राजू के यहां भी पुलिस ने कार्रवाई की। यहां से करीब 39 किलो पटाखे बरामद किए गए। पुलिस की जांच में सामने आया कि संबंधित दुकानदारों के पास पटाखों के भंडारण और बिक्री से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घाटमपुर इंस्पेक्टर मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि पतारा और नौरंगा में पटाखों के अवैध भंडारण की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान करीब 110 किलो पटाखे बरामद किए गए हैं। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पटाखे कहां से लाए गए थे और इन्हें किन स्थानों पर बेचने की तैयारी थी।

घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत ने बताया कि सर्किल क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पतारा और नौरंगा में हुई कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी पटाखों का अवैध भंडारण दिखाई देता है या इसकी जानकारी मिलती है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि अवैध रूप से पटाखों का भंडारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला है। ऐसे स्थानों पर आग लगने या विस्फोट की स्थिति में आसपास के लोगों की जान और संपत्ति को खतरा हो सकता है। इसलिए बिना वैध अनुमति पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |