Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

संविधान के आदर्शों को अपनाकर जिम्मेदार नागरिक बनें युवा: नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक

• संविधान दिवस पर संविधान वाटिका में गूंजा प्रस्तावना का 
   संदेश, विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
• नगर निगम ने मनाया संविधान दिवस, चित्रकला और पोस्टर 
   प्रतियोगिता के विजेताओं को मिला सम्मान
• बाबा साहेब को नमन कर किया संविधान के मूल्यों का 
    सामूहिक वाचन, विद्यार्थियों को मिले प्रशस्ति पत्र

मुरादाबाद(विधान केसरी)। संविधान दिवस के अवसर पर नगर निगम मुरादाबाद की ओर से संविधान वाटिका में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस दौरान नगर आयुक्त ने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ संविधान वाटिका का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित जानकारियों के माध्यम से भारतीय संविधान के महत्वपूर्ण तथ्यों, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। इस दौरान सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान में निहित आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने दूसरों के अधिकारों का सम्मान करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। नगर आयुक्त ने प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं एवं विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता, सम्मान और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करना रहा। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अखिलेश कुमार, आशुतोष राय एवं अजीत कुमार सिंह सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |