पीलीभीतः विदेशी मेहमानों पर शिकारियों का कहर, हजारों किलोमीटर उड़कर आए पक्षियों का बेरहमी से शिकार ! रेलवे पटरी किनारे बड़ी संख्या में पक्षियों का शिकार सामने, ग्रामीणों ने वन विभाग से की शिकायत
November 05, 2026
पीलीभीत। सर्दियों में हजारों किलोमीटर का सफर तय कर भारत पहुंचने वाले विदेशी प्रवासी पक्षियों की सुरक्षा पर पीलीभीत में गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सर्दी का मौसम शुरू होते ही विदेशी मेहमानों के आगमन के साथ ही शिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। गजरौला थाना क्षेत्र में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षियों के शिकार का मामला सामने आने से वन्यजीव संरक्षण के दावों की पोल खुलती नजर आ रही है।गुरुवार को सिरसा सरदाह गौटिया के पास रेलवे पटरी के नजदीक शिकारियों द्वारा बड़ी तादाद में पक्षियों का शिकार किए जाने की जानकारी सामने आई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, शिकार किए गए पक्षी बत्तख प्रजाति के हैं, जो सर्दियों में नेपाल समेत अन्य देशों से लंबी दूरी तय कर यहां पहुंचते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में शिकारी बेखौफ होकर प्रवासी पक्षियों को निशाना बना रहे हैं।घटना से नाराज ग्रामीणों ने वन एवं वन्यजीव प्रभाग के अधिकारियों से शिकायत कर मामले की जांच कराने और शिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब प्रवासी पक्षियों के आने का मौसम है, तब वन विभाग की निगरानी भी बढ़नी चाहिए, लेकिन शिकार की घटनाएं संरक्षण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।हर साल सर्दियों में हजारों की संख्या में विदेशी पक्षी अनुकूल वातावरण और भोजन की तलाश में भारत आते हैं। ऐसे में अगर उनके सुरक्षित ठिकानों पर ही शिकारी सक्रिय हो जाएं तो वन्यजीव संरक्षण के दावे बेमानी साबित होंगे। अब देखना यह है कि वन विभाग शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और शिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करता है।
