Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

हत्या के आरोपी को जमानत मिली तो निकाली गैंगस्टर स्टाइल रैली, बोलेरो के बोनट पर बैठकर पी सिगरेट


मध्य प्रदेश के सतना में हत्या के एक मामले में करीब 14 महीने जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर आए आरोपी का अंदाज देखकर सतना में लोग हैरान रह गए। मंगलवार को जेल से रिहा होते ही मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल ने अपने साथियों के साथ ऐसा शक्ति प्रदर्शन किया, मानो किसी गैंगस्टर की रिहाई का जश्न मनाया जा रहा हो। जेल के बाहर साथियों ने फूल-मालाओं से उसका स्वागत किया। इसके बाद आरोपी बोलेरो के बोनट पर बैठ गया और सिगरेट पीते हुए बाइक रैली के साथ शहर की सड़कों पर निकल पड़ा। जेल से सिद्धार्थ कॉलोनी स्थित उसके घर तक निकाली गई इस रैली का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मंगलवार देर शाम हुई रिहाई के बाद आरोपी और उसके साथियों का काफिला जेल परिसर से रवाना हुआ। बोलेरो और बाइक के साथ यह जुलूस बिड़ला रोड होते हुए सिद्धार्थ कॉलोनी पहुंचा। इस दौरान मान सिंह बोलेरो के बोनट पर बैठकर सिगरेट पीता नजर आया। साथियों के साथ निकाली गई इस रैली में उसका अंदाज चर्चा का विषय बन गया है। गंभीर हत्या के मामले में आरोपी रहे व्यक्ति के इस तरह खुलेआम शक्ति प्रदर्शन से लोगों में नाराजगी और दहशत की बात सामने आई है। वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस की संभावित कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल 16 वर्षीय सत्यम शुक्ला की हत्या के मामले में जेल में बंद था। यह घटना 4 सितंबर को कोलगवां थाना क्षेत्र में एफसीआई गोदाम के पास हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सूर्यप्रताप अपने दोस्त आदित्य के साथ चाय पीने के बाद बस स्टैंड जाने के लिए बाइक पर बैठ रहा था। इसी दौरान पुराने परिचित वेद मिश्रा, आयुष द्विवेदी उर्फ बेटू किंग, अर्पित तिवारी, सचिन पाल, बेटू सिंगरौल और सत्यम शुक्ला वहां पहुंचे। बताया गया कि वेद मिश्रा ने सूर्यप्रताप से विवाद शुरू कर दिया। इसी बीच आयुष ने उसका मोबाइल छीन लिया। विरोध करने पर वेद ने कट्टे से फायर कर दिया। सूर्यप्रताप ने झुककर खुद को बचा लिया। गोली चलने से नाराज सत्यम ने साथियों से कट्टा रखने को कहा, लेकिन इसके बाद विवाद ने दूसरा मोड़ ले लिया।

आरोप है कि इसी विवाद के दौरान सचिन पाल ने सत्यम के सीने में गोली मार दी। गोली लगने से वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसे अस्पताल के अंदर ले जाने के बजाय बिरला हॉस्पिटल के गेट पर छोड़कर फरार हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद सत्यम को रीवा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इस मामले में मान सिंह उर्फ बेटू सिंगरौल अपने तीन अन्य साथियों के साथ करीब 14 महीने से जेल में बंद था। अब जमानत पर रिहाई के बाद निकाली गई रैली और उसका वीडियो चर्चा में है। गंभीर आपराधिक मामले के आरोपी के इस तरह सड़क पर शक्ति प्रदर्शन और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |