संग्रामपुर: धान खरीद के इंतजार में खाली पड़ी सहकारी समितियां
November 05, 2026
संग्रामपुर/अमेठी। खरीफ विपणन वर्ष के तहत सरकार की ओर से समर्थन मूल्य पर धान खरीद की व्यवस्था शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, लेकिन विकासखंड संग्रामपुर क्षेत्र की सहकारी समितियों पर अब तक धान खरीद की बोहनी तक नहीं हो सकी है। समितियां धान बेचने वाले किसानों का इंतजार कर रही हैं, वहीं किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान हैं। इस सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। इसके बावजूद संग्रामपुर क्षेत्र की सहकारी समितियों पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हो पाई है। सरकारी खरीद केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। क्षेत्र के किसानों का कहना है कि जब धान की फसल तैयार हुई और उसे बेचने का समय आया, उसी दौरान सहकारी समितियों के प्रभारी हड़ताल पर चले गए थे। इसके चलते सरकारी केंद्रों पर खरीद प्रभावित हुई और किसानों को मजबूरी में निजी व्यापारियों के हाथों अपनी उपज बेचनी पड़ी। किसानों का आरोप है कि समय पर सरकारी खरीद शुरू न होने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं सहकारी समितियों के प्रभारियों का कहना है कि किसान धान बिक्री के लिए पंजीकरण करा रहे हैं। पंजीकरण प्रक्रिया पूरी होते ही धान की खरीद और तौल शुरू करा दी जाएगी। अब सवाल यह है कि जब सरकारी खरीद की तैयारियां पूरी होने का दावा किया जा रहा है तो संग्रामपुर क्षेत्र में खरीद शुरू होने में देरी क्यों हो रही है? किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही समितियों पर तौल शुरू होगी, ताकि उन्हें अपनी उपज का उचित समर्थन मूल्य मिल सके।
