लखीमपुर खीरी। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर राजभवन, लखनऊ में आयोजित विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में युवराज दत्त स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी की थारू जनजाति की छात्राओं ने अपनी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। छात्राओं ने अपनी पारंपरिक लोक संस्कृति, लोकनृत्य एवं जनजातीय विरासत का शानदार प्रदर्शन कर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।इस अवसर पर विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल, डॉ. सुधीर महादेव बोबडे उपस्थिति रहे।उन्होंने युवराज दत्त महाविद्यालय की थारू जनजाति की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की अत्यधिक प्रशंसा की। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अपनी समृद्ध जनजातीय संस्कृति के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को जन भवन (राजभवन) का भ्रमण भी कराया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने राजभवन की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को जानने और समझने का अवसर प्राप्त किया। यह भ्रमण उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक एवं यादगार अनुभव रहा।इस गौरवपूर्ण अवसर पर लखनऊ विश्वविद्यालय की कुलसचिव, डॉ भावना मिश्रा,महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) हेमन्त पाल तथा महाविद्यालय जनजाति प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रोफेसर ज्योति पंत उपस्थित रहीं।प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) हेमन्त पाल ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारी जनजातीय परंपराओं, संस्कृति, अस्मिता एवं गौरवशाली विरासत को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर है। महाविद्यालय की थारू जनजाति की छात्राओं द्वारा राजभवन जैसे प्रतिष्ठित मंच पर अपनी संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व और हर्ष का विषय है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को व्यापक मंच प्रदान करते हैं।उन्होंने छात्राओं की शानदार प्रस्तुति की सराहना करते हुए विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल, डॉ. सुधीर महादेव बोबडे के प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया तथा महाविद्यालय जनजाति प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रोफेसर ज्योति पंत एवं सभी सहयोगियों को बधाई दी।
