आठ साल तक नहीं पी एक बूंद, फिर शराब पीने लगीं श्रुति हासन, कबूली कॉस्मेटिक सर्जरी की बात
November 13, 2026
अभिनेत्री श्रुति हासन अपनी फिल्मों के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जानी जाती हैं। वह अक्सर अपनी निजी जिंदगी और पसंद-नापसंद पर खुलकर बात करती नजर आती हैं। हाल ही में उन्होंने कॉस्मेटिक सर्जरी और शराब पीने की आदत को लेकर कुछ ऐसे खुलासे किए हैं, जिनकी चर्चा हो रही है। अभिनेत्री ने साफ कहा कि उन्हें अपने कॉस्मेटिक प्रोसीजर के बारे में छिपाने या झूठ बोलने की कोई जरूरत महसूस नहीं होती। इसके अलावा उन्होंने बताया कि वह लगातार आठ साल तक शराब से पूरी तरह दूर रही थीं। हालांकि बाद में उन्होंने दोबारा शराब पीना शुरू कर दिया। श्रुति ने ये बातें नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो 'डबल डेट' में बातचीत के दौरान साझा कीं।
शो में बातचीत के दौरान श्रुति हासन ने कॉस्मेटिक प्रोसीजर को लेकर अपनी सोच स्पष्ट की। उनका मानना है कि हर व्यक्ति को अपने शरीर के बारे में फैसले लेने की पूरी आजादी होनी चाहिए। अगर कोई अपनी पसंद से कॉस्मेटिक सर्जरी या किसी दूसरे प्रोसीजर का सहारा लेता है तो इसमें कुछ गलत नहीं है। हालांकि उन्हें यह समझ नहीं आता कि लोग इसके बारे में सच बताने से क्यों बचते हैं। अभिनेत्री ने कहा, 'मैं इन चीजों के बारे में बहुत सोच-समझकर बात करती हूं, लेकिन मैं लोगों के सामने बड़ी हुई हूं और ऐसे में इस बारे में झूठ बोलना बेवकूफी होगी।' उन्होंने आगे कहा कि कुछ लोग अपने लुक में बदलाव के बावजूद दावा करते हैं कि वे हमेशा से ऐसे ही दिखते थे। श्रुति के मुताबिक जब बदलाव साफ नजर आ रहा हो तो इस तरह की बातें करना अजीब लगता है।
श्रुति ने स्पष्ट किया कि वह किसी के निजी फैसलों को लेकर जजमेंटल नहीं हैं। हर किसी को अपनी जिंदगी और शरीर से जुड़े फैसले खुद लेने का अधिकार है। उन्होंने कहा, 'सबकी मर्जी, खुद की मर्जी। मुझे इसके बारे में झूठ बोलने की कोई वजह समझ नहीं आती। लेकिन मैं इसे बढ़ावा भी नहीं देना चाहती।' उनकी बातों से साफ है कि वह कॉस्मेटिक प्रोसीजर को लेकर पारदर्शिता की पक्षधर हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह दूसरों को भी ऐसा करने की सलाह दे रही हैं। उनके मुताबिक किसी को भी अपनी पसंद छिपाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए।
बातचीत के दौरान श्रुति ने शराब के साथ अपने पुराने रिश्ते पर भी खुलकर बात की। अभिनेत्री ने बताया कि वह लगातार आठ साल तक शराब से पूरी तरह दूर रही थीं। इस दौरान उन्होंने एक बूंद भी शराब नहीं पी। हालांकि बाद में उन्होंने फिर से शराब पीना शुरू कर दिया। अपने अनुभव को साझा करते हुए श्रुति ने कहा, 'मैंने हमेशा खुलकर कहा है कि शराब मेरे लिए अच्छी नहीं है। अब मैं इसे लेकर बहुत सावधान रहती हूं। फिलहाल मैं इसे संभालने की कोशिश के सफर में हूं।' बता दें, बीते दिनों एक्ट्रेस ने पीरियड्स को लेकर भी बड़ी बेबाकी से बात की थी।
श्रुति हासन दिग्गज अभिनेता कमल हासन और अभिनेत्री सारिका ठाकुर की बेटी हैं। उन्होंने हिंदी के अलावा तमिल, बॉलीवुड और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। अभिनय के साथ-साथ उन्हें संगीत में भी खास दिलचस्पी है। वह एक गायिका के तौर पर भी अपनी पहचान बना चुकी हैं। अपनी निजी जिंदगी पर बेबाकी से बात करने का उनका अंदाज अक्सर उन्हें सुर्खियों में ले आता है।
