सिंहपुर: दिन में रेकी, रात में चोरी! पुलिस मुठभेड़ में शातिर चोरों का गिरोह बेनकाब
November 03, 2026
सिंहपुर/अमेठी। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शिवरतनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल गिरने से फंस गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, बिक्री के 15 हजार रुपये और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी तिलोई दिनेश कुमार मिश्र के नेतृत्व में की गई। पुलिस के मुताबिक, 2 नवंबर को कुकहा रामपुर मोड़ के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पूरे बैसन और जैतपुर में चोरी की घटनाओं से जुड़े दो संदिग्ध स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की तो मोटरसाइकिल सवार दोनों युवक भागने लगे। इसी दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वकील उर्फ सेनापति घायल होकर गिर पड़ा, जबकि मोटरसाइकिल गिरने से चालक चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह का पैर फंस गया। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वकील उर्फ सेनापति (42) और चांद मोहम्मद उर्फ बादशाह (24), निवासी इटौंजा थाना कुमारगंज, जनपद अयोध्या के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। तलाशी में सात जोड़ी पायल, छह बिछिया, दो नाक की कील, दो कान के टॉप्स, एक लॉकेट, एक चांदी का गुटका, 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा 15 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बाजार शुक्ल क्षेत्र के नेवाजगढ़ कैथन और शिवरतनगंज क्षेत्र के पूरे बैसन में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, वकील के खिलाफ विभिन्न जनपदों में 33 और चांद मोहम्मद के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र सहित शिवरतनगंज पुलिस की टीम शामिल रही।
