Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक की मेहनत और टीमवर्क से साकार हुआ भव्य दीपोत्सव, लाखों दीपों से जगमगाया मुरादाबाद

मुरादाबाद (विधान केसरी)। नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक की लगातार मेहनत, सूक्ष्म निगरानी और नगर निगम की टीम के आपसी समन्वय का परिणाम रहा कि मुरादाबाद में दीपोत्सव-2026 का आयोजन भव्य और दिव्य स्वरूप में संपन्न हुआ। आयोजन को यादगार बनाने के लिए नगर आयुक्त स्वयं कई दिनों से तैयारियों की निगरानी कर रहे थे। आयोजन स्थल के नियमित निरीक्षण से लेकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने तक उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर जिम्मेदारियां सुनिश्चित कीं। उनकी इसी कार्यशैली और टीमवर्क के चलते लाइनपार स्थित रामलीला मैदान लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठा और पूरा महानगर दीपोत्सव के रंग में रंगा नजर आया।

रामलीला मैदान में दीपोत्सव के साथ हुई आतिशबाजी का दृश्य 

गुरुवार को आयोजित दीपोत्सव में रामलीला मैदान में लाखों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की एक साथ जगमगाती लौ ने मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद पूरे परिसर में दीपों की रोशनी ने अद्भुत छटा बिखेरी। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने इस भव्य आयोजन का आनंद लिया। कार्यक्रम में पर्यावरण अनुकूल आतिशबाजी, आकर्षक रंगोली और दीपोत्सव पर आधारित मनमोहक झांकियां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

नगर निगम की ओर से दीपोत्सव को केवल रामलीला मैदान तक सीमित न रखते हुए पूरे महानगर को इस उत्सव से जोड़ने का प्रयास किया गया। इसके तहत संविधान साहित्य वाटिका, श्रीराम वाटिका, हनुमान वाटिका, वॉर म्यूजियम, सर्किट हाउस स्थित योग पथ, दिल्ली रोड लोकोशेड स्थित विजय पथ, नगर निगम कार्यालय, टाउन हॉल, पीली कोठी स्थित स्मार्ट सिटी कार्यालय सहित दिल्ली रोड, रामपुर रोड और कांठ रोड के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर भी दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इन स्थानों पर की गई आकर्षक सजावट से महानगर की सुंदरता में चार चांद लग गए।

दीपोत्सव के माध्यम से नगर निगम ने भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ ही शहर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक स्थलों को रोशनी से सजाकर नागरिकों में उत्सव और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव का संदेश दिया। आयोजन में पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा गया। पूरे आयोजन के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के निर्देशन में नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर व्यवस्थाएं संभालीं। अपर नगर आयुक्त प्रथम अतुल कुमार, अपर नगर आयुक्त द्वितीय आशुतोष राय, अपर नगर आयुक्त तृतीय अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नगर निगम की टीम के सामूहिक प्रयासों से दीपोत्सव-2026 सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

दीपोत्सव के बीच मीडिया से बात करते महापौर विनोद अग्रवाल

महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि मुरादाबाद में दीपोत्सव-2026 का भव्य आयोजन शहर की सांस्कृतिक विरासत, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। नगर निगम का प्रयास है कि दीपावली का यह पर्व केवल घरों तक सीमित न रहे, बल्कि पूरा महानगर उत्सव की रोशनी से जगमगाए। रामलीला मैदान में लाखों दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ ही शहर के प्रमुख पार्कों, वाटिकाओं, स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप जलाकर महानगर को दीपमय बनाया गया। उन्होंने कहा कि नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक के नेतृत्व में नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पूरी मेहनत, लगन और आपसी समन्वय के साथ आयोजन की तैयारियां कीं, जिसके परिणामस्वरूप इतना भव्य कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ ही शहरवासियों में स्वच्छ, सुंदर और विकसित मुरादाबाद की भावना को मजबूत करना है। महापौर ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |