Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

फ्रांस में विरोध-प्रदर्शन को लेकर हाई अलर्ट, 70 हजार पुलिसकर्मी तैनात


फ्रांस में बढ़ती महंगाई और शिक्षण संस्थानों की फंडिंग को लेकर विरोध-प्रदर्शन तेज हो गए हैं। लगातार तीसरे वीकेंड पर होने वाले प्रदर्शनों को देखते हुए सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। फ्रांस में विरोध-प्रदर्शनों के दौरान हिंसा और अशांति की आशंका के मद्देनजर करीब 70 हजार पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। खासकर हैलोवीन के मौके पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।

राजधानी पेरिस में होने वाले मार्च का रास्ता बदलकर शहर के बाहरी इलाके की ओर कर दिया गया है। पुलिस ने शहर के केंद्र से गुजरने वाले यूनियनों और 'येलो वेस्ट' प्रदर्शनकारियों के मार्च पर रोक लगा दी है। अब प्रदर्शनकारियों को पोर्ट डी बैग्नोलेट से पोर्ट डी चैरेंटन तक निर्धारित मार्ग पर ही मार्च करने की इजाजत होगी।

उधर, गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज ने चेतावनी दी है कि हैलोवीन के दिन, खासतौर से अंधेरा होने के बाद अशांति फैलने का बहुत अधिक खतरा है। यूनियनों और छात्र संगठनों ने प्रदर्शन के लिए लगाई गई पाबंदियों को अदालत में चुनौती दी थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।

पुलिस ने पेरिस के प्लेस डे ला रिपब्लिक और लेस हालेस में भी लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है। इन दोनों जगहों पर 17 अक्टूबर को दंगा और लूटपाट की घटनाएं हुई थीं। यह प्रतिबंध शनिवार और रविवार को रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा।

फ्रांस के अलावा जर्मनी और स्पेन में भी युवाओं के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन की तैयारी है। जर्मनी में 'जेन जेड रेगेल्ट' नाम के युवा समूह ने करीब 30 शहरों में प्रदर्शन का आह्वान किया है। इन प्रदर्शनों का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, जलवायु संरक्षण और किफायती जीवन की मांग उठाना है। बर्लिन में ब्रैंडेनबर्ग गेट पर करीब 10 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद जताई गई है।

वहीं, स्पेन के बार्सिलोना में भी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। पिछले सप्ताह हुए दंगों के बाद करीब 130 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। ऐसे में पूरे यूरोप में विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। बता दें कि फ्रांस भर में बड़ी संख्या में लोग बढ़ती महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। फ्रांस में पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रोटेस्ट हो रहा है। छात्रों की मांगों से शुरू हुआ प्रोटेस्ट अब पूरे देश में फैल गया है। राजधानी पेरिस समेत फ्रांस के अलग-अलग शहरों में लाखों लोग सड़कों पर हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |