लम्भुआ/सुल्तानपुर। दीपावली के पावन पर्व पर लम्भुआ क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थल धोपाप धाम में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक एवं निषाद पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. आशीष तिवारी के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में 5100 दीप प्रज्ज्वलित किए गए। हजारों दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा धाम जगमगा उठा। दीपों की अद्भुत छटा के बीच श्रद्धा, आस्था और उल्लास का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद वीडियो कॉल के माध्यम से जुड़े। उन्होंने उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उत्साह का वर्धन किया। मंत्री के वर्चुअल संबोधन से कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह दिखाई दिया।
डॉ. संजय निषाद ने धोपाप धाम की धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम ने इसी पावन स्थल पर गोमती नदी में स्नान कर प्रायश्चित किया था। यह स्थल भगवान श्रीराम और निषादराज गुह की ऐतिहासिक मित्रता, प्रेम, विश्वास और सामाजिक समरसता की गौरवशाली परंपरा का भी प्रतीक है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इसी पावन धाम में पूर्व सांसद इंजीनियर प्रवीण निषाद एवं निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक द्वारा भगवान श्रीराम और निषादराज की गले मिलती प्रतिमा के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया था। उसी ऐतिहासिक संकल्प और सामाजिक एकता की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष 5100 दीपों का भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने दीपोत्सव को भगवान बुद्ध के करुणा, शांति और अहिंसा के संदेश से जोड़ते हुए कहा कि दीपक की लौ केवल बाहरी अंधकार को ही नहीं मिटाती, बल्कि हमें अपने जीवन में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मकता का प्रकाश फैलाने की प्रेरणा भी देती है। उन्होंने आपसी भाईचारे, मित्रता और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संदेश दिया।
दीपोत्सव में प्रदेश, मंडल, प्रांतीय, जिला, विधानसभा, ब्लॉक, ग्रामसभा एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। सभी ने मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किए और धोपाप धाम को रोशनी से सराबोर कर दिया। पूरे परिसर में भक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. संजय कुमार निषाद ने सभी को दीपावली एवं दीपोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए श्जय निषाद राज, जय श्रीराम, जय धोपाप धाम और नमो बुद्धायश् का उद्घोष किया।
5100 दीपों से सजा धोपाप धाम इस आयोजन के जरिए भगवान श्रीराम और निषादराज की मित्रता, सांस्कृतिक विरासत तथा सामाजिक समरसता के संदेश का साक्षी बना।
