Type Here to Get Search Results !
BREAKING NEWS
ऑनलाइन भुगतान करें
Pay Now

स्मार्ट सिटी परियोजनाओं के संचालन में आएगी तेजी, 25 ई-स्कूटर चलाने को मंजूरी

•रूफटॉप एरिया, स्पंदन सरोवर और ब्रास फर्नेस सेंटर के 
  संचालन के लिए दोबारा आमंत्रित होंगी निविदाएं
 •नगर आयुक्त हिमांशु कौशिक ने की परियोजनाओं की समीक्षा

मुरादाबाद (विधान केसरी)। शहर में स्मार्ट सिटी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने और तैयार परियोजनाओं का संचालन शुरू कराने के लिए नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। नगर आयुक्त एवं मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हिमांशु कौशिक ने स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में ई-बाइक परियोजना के तहत 25 ई-स्कूटर के संचालन को मंजूरी प्रदान की गई।
स्मार्ट सिटी कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक करते नगर आयुक्त 
समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने टाउन हॉल में विकसित रूफटॉप एरिया, मेटल हैंडीक्राफ्ट सर्विस सेंटर और ब्रास फर्नेस सेंटर के संचालन की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने इन परियोजनाओं के संबंध में अब तक की गई कार्रवाई से उन्हें अवगत कराया। नगर आयुक्त ने रूफटॉप एरिया, स्पंदन सरोवर एवं ब्रास फर्नेस सेंटर के संचालन के लिए पुनः निविदाएं आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी सभी आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी करते हुए परियोजनाओं के संचालन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके अलावा ई-बाइक परियोजना के अंतर्गत 25 ई-स्कूटर संचालित किए जाने का अनुमोदन दिया गया। नगर आयुक्त ने इनके संचालन के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। वहीं, स्मार्ट सिटी की विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए छह नवंबर को स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा।


दिवाली की छुट्टियों में परिवार संग लें शौर्य और खेल का आनंद
त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय और मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क में भ्रमण कर सकेंगे शहरवासी
मुरादाबाद। दीपावली की छुट्टियों को यादगार बनाने के लिए शहरवासियों के पास परिवार और मित्रों के साथ ज्ञान, रोमांच और मनोरंजन से भरपूर समय बिताने का अच्छा अवसर है। नगर निगम मुरादाबाद द्वारा विकसित त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय एवं मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क में निर्धारित प्रवेश शुल्क देकर नागरिक भ्रमण कर सकते हैं। त्रिशूल भारतीय रक्षा संग्रहालय में देश के शौर्य, सैन्य परंपराओं और रक्षा क्षेत्र से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, वहीं मेजर ध्यानचंद भारतीय खेल पार्क में खेल और मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियों का आनंद लिया जा सकेगा। नगर निगम की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे दीपावली की छुट्टियों में इन स्थलों का भ्रमण कर परिवार के साथ यादगार पल बिताएं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Design by - Blogger Templates |