लखनऊ में 25 लाख युवाओं को टैबलेट वितरण के दूसरे चरण की शुरुआत, CM योगी ने बांटे टैबलेट
November 15, 2026
सीएम योगी ने आज छात्रों को एक बड़ी सौगात दी। उन्होंने लखनऊ में छात्रों को टैबलेट वितरित किए। सीएम योगी ने स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तिकरण योजना के तहत ये टैबलेट बांटे हैं।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, "15 नवंबर की तिथि भगवान बिरसा मुंडा की पावन जयंती का दिन है। मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत को हिलाकर भारत की आजादी का शंखनाद करने का काम किया था। आज उनकी पावन जयंती है। आज स्वामी विवेकानंद के नाम पर यह युवा सशक्तिकरण अभियान प्रारंभ किया है।"
सीएम योगी ने कहा, "उत्तर प्रदेश, पहचान के संकट से मुक्त हुआ है, स्वामी विवेकानन्द जी, भारत के हर युवा के आध्यात्मिक आइकॉन हैं, तब हमने तय किया था-2 करोड़ युवाओं को हम टैबलेट और स्मार्टफोन वितरण का कार्य करेंगे
सीएम योगी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, "युवा शक्ति पर विश्वास और उनके अथक परिश्रम का ही परिणाम है कि डबल इंजन सरकार में उत्तर प्रदेश विकास की नई गाथा लिख रहा है। आज लखनऊ में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्वामी विवेकानन्द युवा सशक्तीकरण योजना के अंतर्गत 25 लाख टैबलेट वितरण के उद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।"
सीएम योगी ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर कहा, "इस अवसर पर लखनऊ मंडल के चार जनपदों के 53,000 से अधिक छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए गए। पूर्ण विश्वास है कि आप इस टैबलेट का उपयोग अपने ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के महत्वपूर्ण अभियान को नई गति एवं दिशा प्रदान करने के एक सशक्त माध्यम के रूप में करेंगे। सभी लाभार्थियों को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं।"
सीएम योगी ने कहा, "जो टैबलेट आपके हाथों में आया है, यह आपका फ्यूचर सीक्योर करने की कुंजी है। UP आज Engineering, Polytechnic और Vocational Education की शिक्षा देने वाले राज्यों में देश के अंदर Top-3 में है।"
सीएम योगी ने कहा कि माफिया का 'उपचार' केवल 'बुलडोजर' ही है। सीएम योगी ने पाकिस्तान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान भीगी बिल्ली बन गया, ये ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत थी और आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के बहादुर जवानों ने भारत को 'विजयश्री' प्रदान करा दी।"
