अमेठीः पराली जलाने पर रोक के लिए 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम
November 05, 2026
अमेठी। जनपद में पराली जलाने की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और किसानों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। जिलाधिकारी शशांक चैधरी के निर्देश पर जिला मुख्यालय स्थित कृषि भवन, ताला में विशेष पराली प्रबंधन कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे सक्रिय रहेगा। उप कृषि निदेशक सत्येन्द्र कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी गई है। जनपद के किसान, आम नागरिक और संबंधित अधिकारी पराली प्रबंधन से जुड़ी किसी भी समस्या, शिकायत अथवा सूचना के लिए जारी मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से 7839882410 और 9415969047 मोबाइल नंबर जारी किए गए हैं। कंट्रोल रूम पर प्राप्त होने वाली शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उप कृषि निदेशक ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली को बिल्कुल न जलाएं। पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण के साथ मिट्टी की उर्वरा शक्ति को भी नुकसान पहुंचता है। इसके बजाय किसान पराली को खेत में ही सड़ाकर प्राकृतिक एवं जैविक खाद के रूप में इस्तेमाल करें। इससे जमीन की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और खेती की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और मिट्टी की सेहत बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसानों को पराली प्रबंधन के बेहतर उपाय अपनाने चाहिए। जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि पराली जलाने की घटनाओं पर निगरानी रखी जाएगी और प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
