सुल्तानपुर। जिलाधिकारी इन्द्रजीत सिंह की अध्यक्षता व मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में सिंचाई एवं जल संसाधन, नहरों की सिल्ट सफाई एवं सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नहरों की सिल्ट सफाई, सिंचाई बन्धु तथा निर्माणाधीन एवं संचालित परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि नहरों की सिल्ट सफाई एवं स्क्रैपिंग का कार्य शुरू करने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार नहरों की सिल्ट सफाई व स्क्रैपिंग का कार्य नवम्बर माह के द्वितीय सप्ताह में शुरू कर ’15 दिसम्बर 2026 तक पूर्ण’ कराने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने कार्यों को समयबद्धता व निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पूरा कराने पर जोर दिया।
बैठक में राजकीय नलकूपों के जीर्णोद्धार, राजकीय नलकूपों की वितरण प्रणाली के आधुनिकीकरण की प्रगति की भी समीक्षा की गई। संबंधित परियोजनाओं के निर्धारित लक्ष्य, अब तक की प्रगति तथा अवशेष कार्यों का विभागीय विवरण प्रस्तुत किया गया।
जिलाधिकारी ने विभागीय योजनाओं व निर्माण कार्यों की प्रगति पर सतत निगरानी रखते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अधिशासी अभियन्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
