शुकुलबाजार: जर्जर सड़क बनी हादसे की वजह! 14 वर्षीय छात्र की मौत से गांव में पसरा मातम
November 18, 2026
शुकुलबाजार/अमेठी। थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत उरेरमऊ के गांव मीर मऊ में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। विद्यालय जाने के लिए घर से निकले चैदह वर्षीय छात्र की जर्जर सड़क पर गिरने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, मीर मऊ निवासी गुरु प्रसाद निषाद का चैदह वर्षीय पुत्र साईं प्रताप एक निजी विद्यालय का कक्षा छह का छात्र था। बुधवार की सुबह साइकिल से प्रतिदिन की तरह तैयार होकर घर से विद्यालय जा रहा था। इसी दौरान पूरे महीपत गांव के पास जर्जर सड़क पर बने गहरे गड्ढे में लड़खड़ाकर गिर पड़ा। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार पहुंचे जहां चिकित्सकों ने देखकर मृत घोषित कर दिया ।बेटे की मौत से गमगीन पिता गुरु प्रसाद ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि इस गड्ढे में आए दिन कोई न कोई गिरकर घायल होता है और लोगों के हाथ-पैर तक टूट जाते हैं। शासन-प्रशासन ने यदि समय रहते इस गड्ढे को ठीक करा दिया होता तो शायद आज उनके बच्चे की जान नहीं जाती। पिता के इन शब्दों ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया।घटना के बाद ग्रामीणों में सड़क की बदहाली को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार शासन-प्रशासन, पूर्व सांसद और क्षेत्रीय विधायक को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन इसके बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जर्जर सड़क और जगह-जगह बने गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही थी।ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली को हादसे की वजह बताते हुए जिम्मेदार विभागों के प्रति नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत करा दी गई होती तो शायद आज एक परिवार को अपने मासूम बेटे को नहीं खोना पड़ता। छात्र की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है। हर आंख नम है और परिवार में चीख-पुकार मची हुई है।
