घोरावल से ड्यूटी कर लौटते समय हुआ हादसा, अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से बनाई दूरी
सोनभद्र। घोरावल तहसील में कार्यरत राजस्व निरीक्षक अनिल कुमार (58) की बुधवार देर शाम सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। वह घोरावल तहसील से ड्यूटी पूरी कर रॉबर्ट्सगंज स्थित अपने आवास लौट रहे थे। रॉबर्ट्सगंज पहुंचने से करीब सात-आठ किलोमीटर पहले किसी बड़े वाहन की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। अनिल कुमार मूल रूप से चंदौली क्षेत्र के निवासी थे और वर्तमान में रॉबर्ट्सगंज में रहते थे।
बताया गया कि अनिल कुमार इसी वर्ष घोरावल तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर आए थे। वह शाहगंज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही तहसील के अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई।
राजस्व निरीक्षक के निधन पर घोरावल तहसील अधिवक्ता समिति तथा दी बार घोरावल के अधिवक्ताओं ने गुरुवार को शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान अधिवक्ता एक दिन के न्यायिक कार्य से विरत रहे। उनके निधन से तहसील परिसर में शोक का माहौल बना रहा।इस सम्बंध में थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पोस्ट मार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है जांच जारी है।
